Microsoft Outage: ऑफिस का काम हो या जरूरी मीटिंग, ईमेल भेजना हो या ऑनलाइन बातचीत करनी हो, माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेज पर दुनिया के करोड़ों लोग निर्भर हैं. लेकिन गुरुवार को कंपनी की कई सेवाओं में आई तकनीकी गड़बड़ी ने यूजर्स की परेशानी बढ़ा दी. आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 के कई ऐप्स 5 घंटे से ज्यादा समय तक प्रभावित रहे. इतना ही नहीं, इस आउटेज का असर ओपनAI और एंथ्रोपिक जैसी AI कंपनियों की कुछ सेवाओं पर भी देखने को मिला.
हजारों यूजर्स हुए परेशान
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में आई समस्या की वजह से हजारों यूजर्स को सेवाएं इस्तेमाल करने में दिक्कत हुई. कंपनी शाम 6 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक प्रभावित सर्वर को ठीक करने में जुटी थी. हालांकि, कुछ सेवाओं में धीरे-धीरे सुधार होने लगा था और यूजर्स दोबारा कनेक्ट कर पा रहे थे. वहीं, आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, आउटलुक को लेकर दोपहर करीब 1 बजे सबसे ज्यादा 1,38,058 शिकायतें दर्ज की गईं. शाम तक ये संख्या घटकर लगभग 34,490 रह गई. वहीं, माइक्रोसॉफ्ट 365 की समस्या को लेकर शाम 5:47 बजे तक करीब 13 हजार शिकायतें आईं. टीम्स इस्तेमाल करने वाले 763 यूजर्स ने भी परेशानी की जानकारी दी.
पंजाब में AAP का बड़ा दांव : 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी, जानें किसका कटा टिकट
क्यों ठप हुईं सेवाएं?
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, ये समस्या अचानक कई सर्वर के उपलब्ध नहीं रहने की वजह से हुई. इन सर्वर पर लोड बढ़ने के चलते सेवाएं प्रभावित हुईं. कंपनी ने साफ किया कि इसके पीछे ट्रैफिक में अचानक बढ़ोतरी वजह नहीं थी. कंपनी की तरफ से बताया गया कि प्रभावित सर्वर को दोबारा चालू करने और सेवाओं को सामान्य बनाने का काम जारी है. इसके लिए ट्रैफिक को वैकल्पिक नेटवर्क रास्तों पर भी भेजा जा रहा है. माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि सर्वर की क्षमता बहाल होने के साथ यूजर्स को धीरे-धीरे सेवाएं मिलनी शुरू हो सकती हैं.
AI सर्विसेज पर भी असर
इस तकनीकी गड़बड़ी का असर सिर्फ माइक्रोसॉफ्ट तक नहीं रहा.ओपनAI ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट कनेक्टर्स में समस्या की जांच की जा रही है. इसके चलते नए कनेक्शन बनाने में परेशानी हो सकती है. उन्होंने ये भी बताया कि कुछ टूल उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर सकते. वहीं, एंथ्रोपिक ने भी अपने माइक्रोसॉफ्ट 365 कनेक्टर में समस्या की पुष्टि की. कंपनी के मुताबिक, उसके एक बाहरी सर्विस प्रोवाइडर में आई दिक्कत से ये परेशानी हुई.
नतीजों की घोषणा टली
इस आउटेज का असर कारोबार पर भी पड़ा. इलेक्ट्रिक ट्रक बनाने वाली कंपनी वर्कहॉर्स ग्रुप को अपने तीसरी तिमाही के वित्तीय नतीजों की घोषणा टालनी पड़ी. कंपनी पहले 12 नवंबर को नतीजे जारी करने वाली थी, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट आउटेज की वजह से अब ये अनाउंसमेंट 16 नवंबर को की जाएगी. यहां गौर करने वाली बात ये है कि, पिछले महीने भी माइक्रोसॉफ्ट के एज़्योर क्लाउड प्लेटफॉर्म में तकनीकी गड़बड़ी आई थी, जिससे कई देशों में कंपनी की सेवाएं और अलग-अलग इंडस्ट्री प्रभावित हुई थीं. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं दिखाती हैं कि डिजिटल दुनिया में बड़ी कंपनियों की सर्विसेज पर निर्भरता कितनी ज्यादा बढ़ चुकी है.
News Source: ANI
