Pakistan Afgan Strike: शनिवार को पाकिस्तान के कराची में आतंकवादियों ने पैरामिलिट्री कंपाउंड पर भीषण हमला किया था. पाकिस्तानी तालिबान के एक अलग हुए गुट, जमात-उल-अहरार ने शनिवार रात एक बयान जारी कर इस हमले (कराची हमले) की जिम्मेदारी ली थी.
इसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी. इस हमले को भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने अंजाम दिया था, जिसमें तीन आतंकवादी और तीन पैरामिलिट्री सैनिक मारे गए थे.
अब पाकिस्तान ने अफगान बॉर्डर पर जमीनी स्तर पर सेना का ऑपरेशन किया है. पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, पाक अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रविवार को पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर जमीनी अभियान चलाया. इसके बाद आतंकवादियों के ठिकानों और सुरक्षित पनाहगाहों पर सुनियोजित हमले किए गए, जिसमें 29 आतंकवादी मारे गए.
आतंकवादी हमलों के जवाब में ऑपरेशन- पाकिस्तान
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा कि देश भर में हुए कई आतंकवादी हमलों के जवाब में यह ऑपरेशन शुरू किया गया था. अफगानिस्तान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.
तरार ने कहा कि अफगान बॉर्डर पर पाकिस्तान के लेटेस्ट ऑपरेशन में पाकिस्तानी तालिबान के छिपने के ठिकानों और सुरक्षित आश्रयों को निशाना बनाया गया.
मालूम हो कि पाकिस्तानी तालिबान, अफगान तालिबान से एक अलग आतंकवादी समूह है, हालांकि दोनों सहयोगी हैं. अफगान तालिबान 2021 में पड़ोसी देश अफगानिस्तान में सत्ता में वापस आया था.
रविवार को हुई सीमा पार की कार्रवाई और जमीनी अभियान, पाकिस्तान की सेना द्वारा अफगानिस्तान में कथित तौर पर आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमले करने के तीन सप्ताह से भी कम समय बाद हुए हैं. हालिया अभियानों से इस्लामाबाद और काबुल के बीच पहले से ही तनावपूर्ण संबंधों में और अधिक तनाव आने की संभावना है.
पाकिस्तान में बढ़े हैं आतंकी हमले
बता दें कि हाल के वर्षों में पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए गए आतंकवादी हमलों में तेजी आई है. अधिकारियों ने अधिकांश हिंसा के लिए पाकिस्तानी तालिबान, जिसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान या टीटीपी के नाम से जाना जाता है, और उसके सहयोगी आतंकवादी समूहों को जिम्मेदार ठहराया है.
यह घटना कराची के दक्षिणी बंदरगाह शहर में अर्धसैनिक रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय पर बंदूकों और विस्फोटकों से लैस आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले के एक दिन बाद घटी है, जिसमें तीन सैनिक मारे गए थे. सुरक्षा बलों ने तीन हमलावरों को भी मार गिराया था और एक अन्य हमलावर को गिरफ्तार किया था. उसकी पहचान पाक सेना ने घायल अवस्था में एक अफगान नागरिक के रूप में की है.
कराची में भीषण आतंकी हमला: गाड़ी से गेट तोड़ा, हैंड ग्रेनेड से दहला सिंध रेंजर्स कैंप, 6 की मौत
News Source: PTI
