Philippines Shooting: फिलीपींस में शुक्रवार को एक हाई स्कूल में हुई भीषण गोलीबारी में तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दक्षिणी फिलीपींस के एक हाई स्कूल में हुई गोलीबारी में 14 साल के दो छात्र और गोली चलाने वाला किशोर मारा गया, जबकि आठ लोग घायल हो गए. फिलीपींस नेशनल पुलिस ने कहा कि साउथ कोटाबाटो के बांगा शहर में बांगा नेशनल हाई स्कूल में हुई गोलीबारी की जांच की जा रही है. बयान में कहा गया है कि पुलिस अधिकारियों ने कैंपस को सुरक्षित किया और स्कूल के अधिकारियों व मेडिकल टीम के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया.
हमलावर छात्र ने खुद को भी गोलियां से उड़ाया
साउथ कोटाबाटो के गवर्नर रेनाल्डो तमायो ने बताया कि मारे गए दो छात्र एक लड़का और एक लड़की थे और दोनों की उम्र 14 साल थी. उन्होंने कहा कि गोली चलाने वाले किशोर ने खुद को भी गोली मार ली और उसकी मौत हो गई. बांगा के मेयर अल्बर्ट पालेसिया ने DZBB रेडियो को बताया कि गोली चलाने वाले ने अपनी क्लास के बगल वाली क्लास में 10 छात्रों पर गोली चलाई, जिनमें से दो की मौत हो गई और आठ घायल हो गए. गवर्नर के अनुसार, एक व्यक्ति जिसे घबराहट के कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, उसे भी अस्पताल ले जाया गया. तमायो ने कहा कि गोली चलाने वाले छात्र के सबसे अच्छे दोस्त ने अधिकारियों को बताया कि वह किशोर एक ऑनलाइन ‘ट्रू क्राइम कम्युनिटी’ का सदस्य था. उन्होंने कहा कि अधिकारी उस अकाउंट की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या गोलीबारी से उसका कोई संबंध था.
हमलावर के पिता की थी बंदूक
मेयर पालेसिया ने बताया कि 16 साल के गोली चलाने वाले छात्र ने लंच के बाद अपने दोस्तों से घर जाने को कहा क्योंकि वह कुछ करने वाला था. पुलिस ने कहा कि शूटर के क्लासमेट्स को लगा कि वह मज़ाक कर रहा है. लंच के बाद हमलावर ने अपने बगल वाले क्लासरूम में छात्रों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे 10 छात्र घायल हो गए. पैलेंसिया ने बताया कि इसके बाद उसने अपनी 9 mm की बंदूक की मैगज़ीन बदली और खुद को गोली मार ली. उन्होंने बताया कि बंदूक हमलावर के पिता की थी, जो शिक्षा विभाग में कर्मचारी थे. उन्होंने हथियार को एक तिजोरी में छिपाकर रखा था, जिसे उनके बेटे ने तोड़ दिया. पैलेंसिया ने बताया कि पुलिस को ऑनलाइन कम्युनिटी में हमलावर की पोस्ट मिली, जहां स्कूल में गोलीबारी करने वाले युवाओं को आदर्श माना जाता है. हमलावर के स्कूल एडवाइजर का हवाला देते हुए पैलेंसिया ने कहा कि लड़के की मां उसे एक मनोचिकित्सक (साइकियाट्रिस्ट) के पास ले जाना चाहती थी.
लॉस एंजिल्स में बड़ा हादसा, पार्किंग लॉट में हेलीकॉप्टर क्रैश, 3 लोगों की मौत, एक घायल
News Source: PTI
