Nora Fatehi 200 Crore Extortion Case: बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हालांकि, इस बार वजह उनका कोई डांस नंबर या फिल्म नहीं, बल्कि 200 करोड़ रुपये की रंगदारी का मामला है. दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा को दोबारा समन जारी किया है. कोर्ट ने उन्हें 6 नवंबर को बतौर अभियोजन पक्ष की गवाह पेश होने का निर्देश दिया है. ये मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा हुआ है. सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि नोरा को समन भेजा गया था, लेकिन उनकी पेशी को लेकर कोई जानकारी नहीं है. इस बीच नोरा के वकील कोर्ट में पहुंचे और एक्ट्रेस को व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की.
कोर्ट ने पूछे सवाल
इस पर विशेष न्यायाधीश गगनदीप सिंह ने नाराजगी जताई. कोर्ट ने वकील से पूछा कि नोरा को समन कब मिला था. वकील ने बताया कि उन्हें 29 अक्टूबर को इसकी जानकारी दी गई थी. कोर्ट ने कहा कि नोरा इस मामले में गवाह हैं और उन्हें पेश होना चाहिए था. साथ ही अदालत ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका रवैया ठीक नहीं है और कोर्ट को हल्के में नहीं लेना चाहिए.
61 साल के हुए किंग खान, मन्नत के बाहर उमड़ा फैंस का हुजूम, ‘किंग’ के गाने से मिला खास तोहफा
क्या है पूरा मामला?
यह मामला साल 2020-21 का है. आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाया. इसी दौरान उसने पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की रंगदारी वसूली. आरोपों के मुताबिक, सुकेश ने अदिति को भरोसा दिलाया था कि वो उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद कर सकता है. इसके बदले उसने उनसे बड़ी रकम मांगी. दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इस मामले की जांच की और महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत चार्जशीट दाखिल की.
नोरा से मुलाकात
जांच के दौरान नोरा फतेही से भी पूछताछ की गई थी. पुलिस ने सुकेश और उसकी पत्नी लीना मारिया पॉलोज के साथ उनके संपर्कों को लेकर सवाल किए थे. नोरा ने जांचकर्ताओं को बताया था कि सुकेश से उनकी बातचीत उसकी पत्नी के जरिए हुई थी. पुलिस ने उनका बयान मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज कराया था. इसके बाद उन्हें मामले की सप्लीमेंट्री चार्जशीट में अभियोजन पक्ष का गवाह बनाया गया. अब कोर्ट के नए समन के बाद सभी की नजरें 6 नवंबर पर टिकी हैं. हालांकि, यहां ये समझना जरूरी है कि नोरा को इस मामले में आरोपी नहीं, बल्कि गवाह के तौर पर पेश होने के लिए बुलाया गया है.
News Source: ANI
61 की उम्र में भी ‘किंग खान’ का जलवा! Shahrukh Khan के 5 रूल्स, जो सिखाते हैं बहुत कुछ
