Home Latest News & Updates मिशन यूपी 2027: PM मोदी से बूथ कार्यकर्ताओं तक जिम्मेदारी तय करेगी BJP, घर-घर संपर्क अभियान पर जोर

मिशन यूपी 2027: PM मोदी से बूथ कार्यकर्ताओं तक जिम्मेदारी तय करेगी BJP, घर-घर संपर्क अभियान पर जोर

by Kamlesh Kumar Singh 2 November 2026, 6:58 PM IST
2 November 2026, 6:58 PM IST
UP BJP responsibilities PM Modi booth-level workers

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है. मिशन यूपी को फतह करने के लिए बीजेपी इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे और केंद्र-प्रदेश सरकार के कामकाज के भरोसे चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है. पार्टी ने प्रधानमंत्री से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक की जिम्मेदारियां तय करने की रणनीति बनाई है. इसके तहत बड़े नेताओं की जनसभाओं के साथ-साथ घर-घर संपर्क अभियान पर भी विशेष जोर रहेगा.

पीएम मोदी के भरोसे मिशन यूपी

बीजेपी के चुनावी अभियान का सबसे बड़ा चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे. प्रधानमंत्री प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे. इसके जरिए पार्टी की कोशिश प्रदेश के हर क्षेत्र में चुनावी माहौल बनाने और मतदाताओं तक अपना राजनीतिक संदेश पहुंचाने की होगी. बीजेपी मोदी की लोकप्रियता और उनके नेतृत्व को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाने की तैयारी में है.

अमित शाह संभालेंगे चुनावी रणनीति

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी यूपी चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे. उनकी ओर से क्षेत्र वार रैलियों और बूथ सम्मेलनों के जरिए संगठन को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को मजबूत करने पर जोर रहेगा. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिला स्तर पर रैलियां कर रहे हैं. लक्ष्य चुनाव तक प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करने का है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रदेश भर में चुनावी कार्यक्रमों के जरिए संगठन और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे.

20 नवंबर के बाद चुनावी अभियान में आएगी तेजी

बीजेपी 20 नवंबर के बाद उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल को और गरमाने की तैयारी में है. पार्टी का फोकस सिर्फ बड़ी रैलियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बूथ स्तर पर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति भी तैयार की गई है. इसके तहत बूथ कार्यकर्ताओं और छोटी-छोटी टोलियों को 50-50 परिवारों तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी जाएगी. इन परिवारों से संपर्क कर सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और पार्टी के राजनीतिक एजेंडे को पहुंचाने पर जोर रहेगा.

युवा और पहली बार वोटरों पर खास नजर

बीजेपी की रणनीति में युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाता भी अहम होंगे. पार्टी इन मतदाताओं तक अपनी गतिविधियां और केंद्र व प्रदेश सरकार के कामकाज को पहुंचाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए सोशल मीडिया को भी चुनावी अभियान का महत्वपूर्ण हथियार बनाया जाएगा. कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में चलने वाले अभियानों की तस्वीरें, वीडियो और टेक्स्ट पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा करने की सलाह दी गई है. बीजेपी का चुनावी अभियान रैलियों से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म और घर-घर संपर्क तक एक साथ चलाने की तैयारी है

योगी का काम और संगठन की ताकत

कुल मिलाकर बीजेपी उत्तर प्रदेश में तीन स्तरों पर चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाने की तैयारी में है. प्रधानमंत्री मोदी का चेहरा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का कामकाज और बूथ स्तर तक फैला संगठन पार्टी के चुनावी अभियान के मुख्य आधार होंगे. बड़े नेताओं की रैलियों से माहौल बनाने के साथ 50-50 परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य बताता है कि बीजेपी इस बार चुनाव को सिर्फ नेतृत्व की लोकप्रियता के भरोसे नहीं छोड़ना चाहती. पार्टी की कोशिश है कि प्रधानमंत्री से लेकर बूथ कार्यकर्ता तक हर स्तर पर जिम्मेदारी तय हो और चुनावी संदेश सीधे मतदाताओं तक पहुंचे. सवाल यही है कि क्या मोदी के चेहरे, योगी सरकार के कामकाज और बूथ मैनेजमेंट का यह त्रिकोण बीजेपी को 2027 में उत्तर प्रदेश की सत्ता में फिर वापसी करा पाएगा?

रामभक्तों पर गोली से राम मंदिर तक, योगी ने सपा को घेरा; बोले- ‘यूपी के लिए शाप है सपा’

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?