Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान बीते तीन साल से जेल में बंद हैं. खान की कैद के तीन साल पूरे होने पर बुधवार को पूरे पाकिस्तान में रैलियां निकाली गईं. इस दौरान पुलिस ने पंजाब और सिंध प्रांतों में प्रदर्शनकारियों पर सख्ती की और 100 से ज्यादा समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया.
मुख्य रैली खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर में हुई, जहां इमरान खान की पार्टी ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (PTI) सत्ता में है.
पंजाब में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और लाहौर, मियांवाली और रावलपिंडी में पीटीआई के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया. वहीं, लाहौर के मॉल रोड पर, पुलिस ने खान की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया.
इमरान खान के साथ खड़े रहने का संकल्प
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दंगा-रोधी पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग करते हुए देखा गया. रैली की कवरेज कर रहे कुछ पत्रकारों की भी पुलिस ने पिटाई की, जिसके बाद मीडिया संगठनों ने विरोध जताया. इमरान खान की पार्टी पीटीआई के पंजाब के महासचिव चौधरी बिलाल एजाज ने बताया कि लाहौर में गिरफ्तार किए गए 25 लोगों में पार्टी के पांच विधायक भी शामिल थे.
उन्होंने कहा, “दमन, उत्पीड़न और फासीवाद के इस दौर के बावजूद, पंजाब में PTI के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विरोध रैलियां कीं और इमरान खान के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया.” इमरान की पार्टी के अनुसार, मियांवाली, रावलपिंडी और पंजाब के अन्य हिस्सों में उसके कम से कम 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया.
भाई की रिहाई के लिए आंदोलन शुरू- अलीमा खान
कराची में, पुलिस ने शहर के सदर टाउन इलाके में विरोध प्रदर्शन कर रहे PTI समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया और 10 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया. पार्टी ने यह भी दावा किया कि पानो अकील में छह और कंधकोट में 15 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया.
हटाए गए प्रधानमंत्री की बहन अलीमा खान ने कहा कि उनके भाई की रिहाई के लिए आंदोलन शुरू हो चुका है और इसके अगले चरण की घोषणा जल्द ही की जाएगी. PTI के वरिष्ठ नेता और पूर्व संघीय मंत्री मूनिस इलाही ने आरोप लगाया कि जेल में खान को “मुलाकात करने और सही इलाज पाने से रोका गया है, और उनकी नजर भी कमजोर हो गई है.”
इमरान खान 2023 में हुए थे गिरफ्तार
मालूम हो कि 5 अगस्त 2023 को गिरफ्तार किए गए इमरान खान कई मामलों का सामना करते हुए जेल में हैं. उनकी पार्टी ने बार-बार आरोप लगाया है कि उन पर चल रहे मामले राजनीतिक कारणों से प्रेरित हैं, लेकिन शहबाज़ शरीफ के नेतृत्व वाली पाकिस्तानी सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है. इस बीच, एमनेस्टी इंटरनेशनल ने पाकिस्तानी अधिकारियों से 73 वर्षीय क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान के अधिकारों का सम्मान करने का आग्रह किया.
दक्षिण एशिया के लिए कार्यवाहक क्षेत्रीय निदेशक इसाबेल लासी ने कहा, “तीन वर्षों से, पाकिस्तान के अधिकारियों ने इमरान खान को निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार से व्यवस्थित रूप से वंचित रखा है, उन्हें लंबे समय तक अकेले कैद (solitary confinement) में रखा है, और चिकित्सा देखभाल तथा लोगों से मिलने-जुलने के उनके अधिकारों को सीमित किया है.”
उन्होंने यह भी कहा कि खान को आठ महीने से अधिक समय से अपने परिवार से मिलने की अनुमति नहीं दी गई है और उन्हें तथा उनकी पत्नी बुशरा बीबी, दोनों को दिसंबर 2025 से कानूनी सलाह लेने की नियमित सुविधा से वंचित रखा गया है.
जेल में बंद इमरान खान की सेहत बिगड़ी, बेटे की अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बचाने की मार्मिक अपील
News Source: PTI
