Road Accident: दक्षिण अफ्रीका में सोमवार को हुए भीषण हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई. वेस्टर्न केप टाउन प्रांत में सवारियों से भरी दो मिनी बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इसके बाद एक तीसरी गाड़ी भी आकर दोनों बसों से टकरा गई. हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार तड़के वेस्टर्न केपटाउन प्रांत में यह हादसा प्रिंस अल्बर्ट और लीउ-गामका कस्बों के बीच हुआ, जो केप टाउन से लगभग 380 किलोमीटर (236 मील) पूर्व में है.
मिनीबस व टैक्सी ही सार्वजनिक परिवहन का मुख्य साधन
अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की संख्या बदल सकती है क्योंकि वेस्टर्न केप में इमरजेंसी सर्विस और अधिकारी घटनास्थल का आकलन कर रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका में लाखों लोगों के लिए मिनीबस व टैक्सी सार्वजनिक परिवहन का मुख्य साधन है और अक्सर इनमें जानलेवा टक्करें होती रहती हैं. जनवरी में मिनीबस टैक्सियों से जुड़े दो अलग-अलग हादसों में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 14 बच्चे भी शामिल थे. पुलिस ने बताया कि रविवार रात हुए हादसे में तीन घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
N1 हाईवे को किया गया बंद
वेस्टर्न केप मोबिलिटी विभाग ने कहा कि अधिकारियों का मानना है कि हादसा दो मिनीबस टैक्सियों की आमने-सामने टक्कर से शुरू हुआ, जिसके बाद एक SUV उनसे टकरा गई. हादसे वाली जगह पर N1 हाईवे को बंद कर दिया गया है. रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट हादसे के कारणों का पता लगा रही है.रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि वाहनों की टक्कर से N1 हाईवे जाम हो गया था. दोनों तरफ कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई थी.
राष्ट्रपति ने जताया गहरा दुख
हादसे के बाद रोड ट्रैफिक मैनेजमेंट के अफसरों ने एहतियातन सड़क को बंद कर दिया, जिससे कोई अन्य दुर्घटना न हो. पुलिस ने बताया कि मृतकों में वाहन के चालक भी शामिल हैं. उधर, हादसे पर दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने गहरा दुख जताते हुए घायलों को हर संभव मदद देने की बात कही है. उन्होंने घायलों के समुचित उपचार का भी निर्देश दिया. उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि वे घायलों के उपचार में लापरवाही न बरतें.
बाइकर लड़की को जानबूझकर कार ने मारी जोरदार टक्कर, घसीटती हुई गई…, गुरुग्राम का वीडियो वायरल
News Source: PTI
