Home Top News लिथुआनिया में NATO लड़ाकू विमानों ने पहली बार मार गिराया रूसी ड्रोन, हमलों से कीव में तबाही

लिथुआनिया में NATO लड़ाकू विमानों ने पहली बार मार गिराया रूसी ड्रोन, हमलों से कीव में तबाही

by Sanjay Kumar Srivastava 15 September 2026, 3:14 PM IST (Updated 15 September 2026, 3:17 PM IST)
15 September 2026, 3:14 PM IST (Updated 15 September 2026, 3:17 PM IST)
लिथुआनिया में NATO लड़ाकू विमानों ने मार गिराया रूसी ड्रोन, एक तरफ कीव में तबाही, दूसरी तरफ टैगनरोग शहर में भड़की आग

Russia-Ukraine War: NATO के लड़ाकू विमानों ने सोमवार रात में लिथुआनिया के हवाई क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को मार गिराया. लिथुआनिया के नेशनल क्राइसिस मैनेजमेंट सेंटर ने मंगलवार को बताया कि ड्रोन को देश की राजधानी विनियस से लगभग 100 किलोमीटर पश्चिम में कैशियाडोरिस जिले के प्रातकुनाई गांव के पास और कौनास जलाशय के नजदीक मार गिराया गया. लिथुआनिया की सेना ने कहा कि यह पहली बार था जब देश के हवाई क्षेत्र में किसी ड्रोन को मार गिराया गया. यह घुसपैठ सोमवार को ब्रुसेल्स में NATO मुख्यालय में प्रमुख रुटे के भाषण के बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि NATO क्षेत्र के करीब हमले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बेचैनी और हताशा का नतीजा है.

रूस के साथ लगी सीमा को मजबूत करेंगे नाटो देश

रुटे ने कहा कि रूस यूक्रेन के खिलाफ अपना भीषण युद्ध जारी रखते हुए तेजी से लापरवाह होता जा रहा है. उन्होंने रूस के साथ अपनी लंबी पूर्वी सीमा पर 32 देशों वाले गठबंधन की सुरक्षा को मजबूत करने का भी वादा किया. लिथुआनिया के आसमान पर बार-बार ड्रोन का खतरा मंडराता रहा है. लिथुआनिया की सीमाएं बेलारूस (जो मॉस्को का अहम सहयोगी है) और रूस के इलाके कालिनिनग्राद से लगती है. लिथुआनियाई वायु सेना के कमांडर एंटानास मातुटिस ने बताया कि ड्रोन का मलबा मिल गया है और संभवतः उसमें विस्फोटक थे. संकट प्रबंधन केंद्र के प्रमुख विल्मंटास विटकाउस्कस ने लिथुआनियाई प्रसारक LRT को बताया कि ड्रोन के बेलारूस से आने की सबसे अधिक संभावना है. उन्होंने कहा कि रोके जाने से पहले यह लगभग 30 मिनट तक लिथुआनिया के हवाई क्षेत्र में रहा और आबादी वाले इलाकों के बाहरी हिस्सों के ऊपर से उड़ा.

कीव सहयोग के लिए तैयार

उधर, कीव का कहना है कि वह तनाव कम करने में सहयोग के लिए तैयार है. इस बीच, सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद पूरे यूक्रेन में रूसी ड्रोन हमले जारी रहे. ट्रंप ने कहा था कि रूस और यूक्रेन एक-दूसरे के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला न करने पर सहमत हुए हैं. ट्रंप ने इस समझौते के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी और रूस ने ट्रंप की पोस्ट पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की. इससे पहले आंशिक युद्धविराम की कोशिशें भी बार-बार कुछ ही घंटों में नाकाम हो गईं, क्योंकि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने सोमवार देर रात कहा कि कीव तनाव कम करने की दिशा में सहयोग करने के लिए तैयार है.

उन्होंने कहा कि हम देख रहे हैं कि रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था पर हमारे सटीक हमलों का दबाव रूस पर पड़ रहा है और अब तक रूस की तरफ से युद्ध खत्म करने की दिशा में बढ़ने की कोई वास्तविक इच्छा नहीं दिखी है. लेकिन अगर हमारे अमेरिकी सहयोगी यह सुनिश्चित कर सकें कि रूस वास्तव में जीवन को नष्ट करने वाले इस युद्ध को रोकने के लिए तैयार है और ऐसा सचमुच और लंबे समय के लिए करे तो यूक्रेन भी तनाव कम करने की दिशा में अपने कदम उठाएगा.

कीव पर रूसी हमलों में 8 घायल

यूक्रेन की स्टेट इमरजेंसी सर्विस ने मंगलवार को बताया कि दिन की शुरुआत से कीव पर हुए रूसी हमलों में आठ लोग घायल हुए, जिनमें राजधानी के गैस स्टेशनों पर हुए हमलों में घायल हुए दो लोग भी शामिल हैं. वहीं दूसरी ओर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि रूसी सेना ने रात भर में यूक्रेन के 222 ड्रोन मार गिराए. क्षेत्रीय गवर्नर यूरी स्ल्यूसार ने बताया कि यूक्रेन के एक बड़े ड्रोन हमले के कारण रूस के टैगनरोग शहर में कई जगहों पर आग लग गई. उन्होंने टेलीग्राम पर बताया कि दो अपार्टमेंट बिल्डिंग और तीन निजी घरों को नुकसान पहुंचा है, साथ ही एक शिक्षण संस्थान, कृषि गोदामों और रूसी ई-रिटेलर ओज़ोन की एक साइट को भी नुकसान हुआ है.

NATO प्रमुख ने कहा- रूसी ड्रोन हमला पुतिन की हताशा का नतीजा, कहा- यूक्रेन को देंगे और मदद

News Source: PTI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?