Home Top News भूकंप से दहला तिब्बत: 7.0 की तीव्रता के झटकों से मलबे में तब्दील हुईं इमारतें, 16 की मौत, 76 घायल

भूकंप से दहला तिब्बत: 7.0 की तीव्रता के झटकों से मलबे में तब्दील हुईं इमारतें, 16 की मौत, 76 घायल

by Sanjay Kumar Srivastava 23 October 2026, 3:09 PM IST
23 October 2026, 3:09 PM IST
भूकंप से दहला तिब्बत: 7.0 की तीव्रता के झटकों से मलबे में तब्दील हुईं इमारतें, 16 की मौत, 76 घायल

Tibet Earthquake: तिब्बत में गुरुवार रात आए भीषण भूकंप से पूरा क्षेत्र दहल गया. कई इमारतें जमींदोज हो गईं. मलबे में दबकर 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 76 से ज्यादा लोग घायल हो गए. भीषण भूकंप काफी जन-धन की हानि हुई है. चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 10:33 बजे 7.0 तीव्रता का भीषण भूकंप आया, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 76 अन्य घायल हो गए. अधिकारियों के अनुसार, इस आपदा का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर से भी कम गहराई पर नागकू शहर के बाकेन काउंटी में था. भूकंप के भीषण झटकों को देखते हुए क्षेत्रीय राजधानी ल्हासा और प्रभावित इलाकों से 12,000 से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है.

राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी

सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के मुताबिक, विस्थापित और प्रभावित लोगों को फिर से बसाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है. इस आपातकालीन स्थिति से निपटने और आपदा राहत कार्यों को गति देने के लिए चीन सरकार ने 50 मिलियन युआन (लगभग 7.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का आपातकालीन राहत कोष आवंटित किया है. राहत दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश करने और प्रभावितों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में लगे हैं. इसके अलावा, भूकंप के बाद पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 30 मिलियन युआन और अलग से रखे गए हैं. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप में 330 से अधिक घर ढह गए या क्षतिग्रस्त हो गए हैं. फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

प्रभावित क्षेत्रों में भेजी जा रही राहत सामग्री

‘चाइना रेलवे किंघई-शिज़ांग ग्रुप कंपनी लिमिटेड’ ने बताया कि किंघई-शिज़ांग रेलवे के प्रभावित हिस्से पर यात्री ट्रेनों का परिचालन शुक्रवार सुबह से फिर शुरू हो गया है, लेकिन ट्रेनें कम गति से चल रही हैं. ‘स्टेट ग्रिड शिज़ांग इलेक्ट्रिक पावर कंपनी लिमिटेड’ ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे तक भूकंप प्रभावित बाकेन काउंटी के 1,937 घरों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है. भेजी गई राहत सामग्री प्रभावित क्षेत्र में पहुंच गई है. शिन्हुआ के अनुसार, इसमें 1,000 प्रीफैब्रिकेटेड घर, 3,239 टेंट, 2,821 फोल्डिंग बेड और 4,280 रज़ाइयां, तथा अन्य ज़रूरी सामान शामिल हैं. भूकंप के केंद्र (एपिसेंटर) के आसपास के इलाके की औसत ऊंचाई 4,800 मीटर से ज़्यादा है.

चीनी राष्ट्रपति ने बचाव में तेजी लाने के दिए निर्देश

स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में तापमान गिरकर माइनस 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. साथ ही, शनिवार को भूकंप के केंद्र के पास के तीन कस्बों में रुक-रुक कर बर्फबारी होने का अनुमान है. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश और बचाव के लिए व्यापक अभियान चलाने तथा घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आदेश दिया है. अपने निर्देशों में, शी ने जान-माल के नुकसान को कम से कम करने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा.

उन्होंने प्रभावित क्षेत्र की अधिक ऊंचाई और कम तापमान को देखते हुए किसी और आपदा (सेकेंडरी डिजास्टर) को रोकने के लिए भूकंपीय गतिविधियों और मौसम की स्थिति पर कड़ी नज़र रखने पर भी ज़ोर दिया. शी ने प्रभावित लोगों के लिए उचित रहने की व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की तेज़ी से मरम्मत करने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा के उपाय करने को कहा. प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी आपदा से बचाव और राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से चलाने का आह्वान किया.

जापान में फिर कांपी धरती, टोक्यो में मची अफरातफरी; 5.9 तीव्रता के भूकंप से कई लोग घायल

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?