Turkey Boat Accident: तुर्की में बुधवार को भीषण हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है.
Turkey Boat Accident: तुर्की में बुधवार को भीषण हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है. अफगान प्रवासियों को लेकर नाव एजियन सागर से गुजर रही थी. इस दौरान नाव की रफ्तार तेज देख तटरक्षक बलों ने रुकने का संकेत दिया. तटरक्षकों से बचने की कोशिश करते समय नाव पलट गई, जिससे एक बच्चे सहित 19 लोगों की मौत हो गई. तुर्की तटरक्षक कमान ने कहा कि दर्जनों प्रवासियों को ले जा रही नाव ने रुकने की बार-बार दी गई चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया और तेज गति से भागने का प्रयास किया, जिससे नाव पानी में डूबने लगी और अंततः पलट गई. हादसे में कम से कम 20 अन्य प्रवासियों को बचा लिया गया, जबकि 19 लोगों की डूबने से मौत हो गई.
21 लोगों को बचाया गया
डूबने की घटना तुर्की के लोकप्रिय अवकाश स्थल बोडरम के तटीय शहर के पास हुई. तटरक्षक बल ने कहा कि नजदीकी शहर इज़मिर से भेजे गए एक हेलीकॉप्टर की सहायता से बचाव दल ने शुरू में 21 बचे लोगों को पानी से निकाला और 18 शव बरामद किए गए. प्रवासियों में से एक की बाद में अस्पताल में मृत्यु हो गई. तटरक्षक बल ने कहा कि एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है जिसका कोई पता नहीं चल पाया है.घटनास्थल पर रात और बचाव कार्य जारी है. मुगला प्रांत के गवर्नर इदरीस अकबियिक ने बताया कि सभी प्रवासी अफगानिस्तान से थे. मृतकों में एक बच्चा भी शामिल था. कोस का यूनानी द्वीप बोडरम से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है. आसपास के अन्य द्वीपों में कलिम्नोस, लेरोस और सिमी शामिल हैं.
समुद्र में छोटी नावों से न करें यात्राः गवर्नर
मध्य पूर्व, अफ्रीका और एशिया में संघर्ष और गरीबी से भाग रहे लोगों के लिए ग्रीस यूरोपीय संघ में मुख्य प्रवेश बिंदुओं में से एक है, जिनमें से कई लोग छोटी नावों में तुर्की तट से पास के ग्रीक द्वीपों तक छोटी लेकिन अक्सर जोखिम भरी यात्रा करते हैं. कई नावें तो समुद्र में जाने लायक नहीं रहती हैं. खराब मौसम में भी लोग नाव से निकल पड़ते हैं. मुगला प्रांत के गवर्नर इदरीस अकबियिक ने छोटी नावों के जरिए समद्र से न गुजरने की अपील की है. उन्होंने कहा कि छोटी नाव और खराब मौसम के कारण उनकी यात्रा जोखिमभरी हो सकती है. इसके अलावा नाव पर क्षमता से अधिक सवारियां भी बैठती हैं. उन्होंने कहा कि नाविक तट रक्षक बलों की चेकिंग के बाद ही अपनी नावों को समुद्र में सुरक्षित लेकर गुजरें.
ये भी पढ़ेंः ब्रिटेन में शिखर सम्मेलनः होर्मुज कैसे खुले? इस पर 35 देश करेंगे मंथन, समुद्री सुरक्षा पर भी जोर
News Source: PTI
