US Iran Tensions: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है. ईरान की तरफ से बहरीन में अमेरिकी सैन्य रडार को तबाह करने का दावा किया गया. हालांकि, अमेरिका ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का कहना है कि ईरान की तरफ से बहरीन की ओर भेजे गए दो हमलावर ड्रोन को अमेरिकी सेना ने रास्ते में ही मार गिराया. इस घटना में न तो किसी को चोट आई और न ही किसी तरह का नुकसान हुआ.
ईरान के दावे पर अमेरिका का जवाब
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए ईरान के दावे का जवाब दिया. CENTCOM के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बहरीन की दिशा में दो एकतरफा हमलावर ड्रोन लॉन्च किए थे. अमेरिकी सेना ने दोनों को सफलतापूर्वक मार गिराया. अमेरिका ने साफ कहा कि बहरीन में मौजूद अमेरिकी अर्ली-वॉर्निंग रडार सिस्टम को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. वहीं, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज के मुताबिक, IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने दावा किया था कि उसने अमेरिकी सैन्य रडार इंस्टॉलेशन को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया है.
हमले के जवाब में कार्रवाई
ईरान ने अपने कथित हमले को जवाबी कार्रवाई बताया है. IRGC का आरोप है कि अमेरिका ने ईरान के सिरिक इलाके में एक टेलीकम्युनिकेशन टावर पर हवाई हमला किया था. इसके करीब एक घंटे बाद ईरानी सेना ने बहरीन में अमेरिकी रडार को निशाना बनाया. ईरान ने अपने बयान में अमेरिका को चेतावनी भी दी. IRGC के मुताबिक, रडार पर हमला अमेरिका के लिए संदेश था कि वह हवाई कार्रवाई और रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य में कथित तेल तस्करी जैसी गतिविधियां बंद करे. ईरान ने ये भी कहा कि अगर अमेरिका की ओर से दोबारा ऐसी कार्रवाई हुई तो उसकी एयरोस्पेस फोर्स जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है. हालांकि, रडार को नुकसान पहुंचने के ईरान के दावे की पुष्टि अमेरिका ने नहीं की है. दोनों देशों के बयान इस घटना को लेकर अलग-अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं.
ट्रंप की चेतावनी
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईरान को लेकर सख्त बयान दिया है. उनसे पूछा गया कि क्या वो अमेरिकी सहयोगियों और समुद्री हितों को ईरान से बचाने के लिए सैन्य ताकत इस्तेमाल करने में हिचकिचाएंगे? इस पर ट्रंप ने कहा, “कोई हिचकिचाहट नहीं.” ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियान में वॉशिंगटन को प्रगति मिल रही है. उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका अब संघर्ष शुरू होने से पहले के मुकाबले ज्यादा तेल निकाल रहा है. उनके मुताबिक, सैन्य अभियान को करीब तीन सप्ताह हुए हैं और अमेरिका बेहतर स्थिति में है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की चिंता
ट्रंप ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर कहा कि इस समुद्री रास्ते पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है. उन्होंने संकेत दिया कि हालात के हिसाब से वॉशिंगटन आगे भी सैन्य कार्रवाई पर विचार कर सकता है. गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है. यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और व्यापार को प्रभावित कर सकता है. फिलहाल अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण पूरे पश्चिम एशिया की स्थिति पर दुनिया की नजर बनी हुई है.
News Source: ANI
डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को कड़ा संदेश : अमेरिकी अफसरों पर हमले हुए तो मिटा देंगे नामोनिशान
