Iran-US Tension: ईरान ने अमेरिका की मदद करने वाले देशों को सख्त चेतावनी दी है. ईरान ने उन देशों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे तेहरान के खिलाफ अमेरिकी अभियानों में उसे किसी भी तरह की सैन्य या लॉजिस्टिक सहायता न दें. ईरान ने कहा है कि ऐसा कोई भी समर्थन एक शत्रुतापूर्ण कृत्य माना जाएगा और इसके लिए संबंधित देश ‘इस्लामिक गणराज्य’ (ईरान) के खिलाफ आक्रामकता के जिम्मेदार होंगे. उधर, ट्रंप ने ईरान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि यदि अमेरिकी अधिकारियों पर हमले की कोशिश हुई तो वे ईरान का नामोनिशान मिटा देंगे. ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने ‘X’ (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए यह चेतावनी दी.
अमेरिका के सहयोगी देशों को ईरान की चेतावनी
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का हवाला देते हुए सरकारों को आगाह किया कि वे ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल के सैन्य अभियान में शामिल न हों. बकाई ने वाशिंगटन की सैन्य कार्रवाइयों का समर्थन करने वाले देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो गौरैया किसी सारस की नकल करके उड़ने की कोशिश करती है, वह अंततः अपने पैर ही तुड़वा बैठती है (एक कोरियाई कहावत). उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ किसी भी तरह की आक्रामकता या अमानवीय ‘आर्थिक आतंकवाद’ में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होना, जिसमें नौसैनिक बलों की तैनाती, सैन्य और लॉजिस्टिक सहायता, या कर्मियों की मदद देना शामिल है, एक शत्रुतापूर्ण और गैर-कानूनी कृत्य माना जाएगा.
मददगार देश खुद होंगे परिणामों के जिम्मेदार
कहा कि इसे ईरान के खिलाफ अमेरिकी आक्रामकता में भागीदारी माना जाएगा. ऐसी हरकतें न केवल संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 2 (4) का उल्लंघन करती हैं, बल्कि संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव 3314 में दी गई ‘आक्रामकता’ की परिभाषा के दायरे में भी आती हैं. उन्होंने कहा कि हमारा संदेश बिल्कुल स्पष्ट है. अमेरिका के साथ कोई भी द्विपक्षीय समझौता या प्रतिबद्धता, अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत किसी देश के दायित्वों के उल्लंघन का वैध आधार नहीं बन सकती. न ही यह ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल की सैन्य आक्रामकता में शामिल होने का कोई जायज कारण हो सकती है.बकाई ने आगे कहा कि जो भी देश इस तरह की गैर कानूनी आक्रामकता में किसी भी रूप में शामिल होता है, तो इसके जो भी परिणाम होंगे, उसकी पूरी जिम्मेदारी उसी देश की होगी.
ट्रंप का दावा- होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव बढ़ रहा है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) और क्षेत्रीय सुरक्षा चिंता के मुख्य विषय बन गए हैं. इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को अमेरिकी अधिकारियों के लिए किसी भी संभावित खतरे को लेकर ईरान को एक नई चेतावनी दी. जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान अमेरिकी अधिकारियों को मार सकता है, तो ट्रंप ने कहा कि फिर उनका अस्तित्व ही नहीं बचेगा.उन्होंने आगे कहा कि सैन्य बल का इस्तेमाल करने में उन्हें कोई हिचकिचाहट नहीं होगी. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है और कहा कि ईरानी शासन ढह रहा है.
ईरान का अमेरिका को 48 घंटे का अल्टीमेटम! स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने का प्लान तैयार?
News Source: ANI
