Home Top News Children’s Day पर याद किए गए चाचा नेहरू, PM मोदी और राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

Children’s Day पर याद किए गए चाचा नेहरू, PM मोदी और राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

by Preeti Pal 14 November 2026, 9:14 AM IST
14 November 2026, 9:14 AM IST
Children's Day पर याद किए गए चाचा नेहरू, PM मोदी और राजनाथ सिंह ने दी श्रद्धांजलि

Children’s Day 2026: देशभर में शनिवार, 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी 137वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें याद करते हुए स्वतंत्रता संग्राम और आजाद भारत के शुरुआती दौर में उनके योगदान को नमन किया. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि.” वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू का योगदान और देश के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उनका नेतृत्व हमेशा याद किया जाएगा. उन्होंने आजाद भारत के शुरुआती वर्षों को आकार देने में नेहरू की भूमिका को भी अहम बताया.

क्यों मनाया जाता है ये दिन?

भारत में हर साल 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है. ये दिन पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के रूप में भी खास है. बच्चों के प्रति उनके लगाव की वजह से उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहा जाता था. माना जाता है कि नेहरू बच्चों को देश का भविष्य मानते थे और उनकी शिक्षा, बेहतर परवरिश तथा खुशहाल बचपन को बेहद जरूरी समझते थे. नेहरू का जन्म 14 नवंबर, 1889 को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुआ था. उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई और स्वतंत्रता मिलने के बाद 15 अगस्त, 1947 को भारत के पहले प्रधानमंत्री बने. 27 मई 1964 को उनका निधन हो गया.

छठ महापर्व की शुरुआत, नहाय-खाय से गूंजे सूर्य उपासना के गीत; जानें चार दिनों तक कैसे होगी पूजा

कैसे हुई बाल दिवस मनाने की शुरुआत?

दिलचस्प बात ये है कि भारत में पहले बाल दिवस 14 नवंबर को नहीं, बल्कि 20 नवंबर को मनाया जाता था. साल 1954 में संयुक्त राष्ट्र ने 20 नवंबर को यूनिवर्सल चिल्ड्रन्स डे के रूप में मनाने की घोषणा की थी. इसके बाद भारत में भी इसी तारीख को बाल दिवस मनाया जाने लगा. हालांकि, 1964 में पंडित नेहरू के निधन के बाद संसद में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि, उनकी जयंती यानी 14 नवंबर को राष्ट्रीय बाल दिवस के रूप में मनाया जाएगा. इसके बाद से हर साल ये दिन बच्चों के नाम समर्पित है.

बच्चों के लिए खास आयोजन

बाल दिवस के मौके पर देशभर के स्कूलों में बच्चों के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. कहीं खेल प्रतियोगिताएं होती हैं, तो कहीं डांस, गाने, नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बच्चों की प्रतिभा को मंच दिया जाता है. कई स्कूलों में शिक्षक भी बच्चों के लिए खास प्रस्तुतियां देते हैं. सरकारी संस्थान और अन्य संगठन भी इस दिन पंडित नेहरू को याद करते हुए कार्यक्रम आयोजित करते हैं. बाल दिवस सिर्फ चाचा नेहरू को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि ये याद दिलाने का दिन भी है कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, सुरक्षित माहौल और आगे बढ़ने के बराबर अवसर मिलने चाहिए. आखिर बच्चे ही देश का आने वाला कल हैं. उनके सपनों को पंख देना और उनके चेहरे पर मुस्कान बनाए रखना ही बाल दिवस का सबसे खूबसूरत संदेश है.

News Source: ANI

राहुल का केंद्र सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप, मोदी को दी खुली चुनौती, कहा- मेरे फोन में हैं कई अहम सबूत

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?