Abhijeet Dipke: बीते कई दिनों से सोशल मीडिया पर सुर्खियों में बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके को लेकर दिल्ली में पूरी सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था की गई है. वे अमेरिका से दिल्ली आ गए हैं और राजधानी के जंतर मंतर के पास धरना देंगे. कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के आह्वान पर दिल्ली की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. बता दें कि बीते दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बनाई गई थी, इसे अभिजीत दिपके ने बनाया था और देखते ही देखते इंस्टाग्राम पर इसके 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हो गए.
यह पार्टी भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा पिछले महीने एक अदालती सुनवाई के दौरान कुछ व्यक्तियों को “तिलचट्टे” और “परजीवी” कहने की टिप्पणी के व्यंग्यात्मक जवाब के रूप में बनाई गई. आइए जानते हैं पूरी खबर.
एयरपोर्ट समेत पूरी दिल्ली में कड़ी सुरक्षा
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार को दिल्ली भर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे, सीमा प्रवेश बिंदुओं और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया है.
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले नियोजित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पहुंचे और समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे. वहीं, समाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, जिन्होंने विरोध प्रदर्शन के लिए समर्थन भी व्यक्त किया है, ने कहा कि अगर दिपके को गिरफ्तार किया जाता है तो वह छह सप्ताह का उपवास करेंगे.
इस महीने की शुरुआत में, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में अपने विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था. उन्होंने समर्थकों से 6 जून को दिल्ली हवाई अड्डे पर उनसे मिलने का भी आग्रह किया था, हालांकि, बाद में एयरपोर्ट पर मिलने की बात को बदल दिया था.
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगने वाला कोई औपचारिक अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन सोशल मीडिया निगरानी और अन्य चैनलों के माध्यम से उपलब्ध जानकारी के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है.
1,000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा उपायों के तहत नई दिल्ली जिले और अन्य रणनीतिक स्थानों पर 1,000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की व्यवस्था की गई है. आईजीआई हवाई अड्डे, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से जोड़ने वाले सीमावर्ती बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने खासकर के जंतर-मंतर इलाके और धरना स्थल पर सुरक्षा भारी मात्रा में बढ़ा दी है.
हमें जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना होगा- अभिजीत
मिली जानकारी के अनुसार, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके आज भारत लौट आए हैं. मुख्य रूप से महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले दिपके एक डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं और अभी वे भारत में कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर चर्चा में हैं. करीब 30 साल के दिपके ने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई है और वे अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से मास्टर्स कर रहे हैं.
वे 2020 से 2022 तक दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की पार्टी आम आदमी पार्टी से भी जुड़े रहे और उनके मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट बने रहे.
दिल्ली आने से पहले अभिजीत ने कहा था,”मैं एयरपोर्ट से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत लूंगा. आप सब लोग वहीं आइए. एयरपोर्ट पर भीड़ जमा करने की जरूरत नहीं है. हमें जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना होगा.”
कॉकरोच जनता पार्टी पर कसा जा रहा शिकंजा…, अभिजीत दिपके बोले- हमारे अकाउंट हैक किए जा रहे
News Source: PTI
