Delhi AQI: दिल्ली की सर्द सुबह के साथ प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है. राजधानी के आसमान पर धुंध और स्मॉग की मोटी चादर नजर आ रही है. सोमवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 216 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. यानी फिलहाल दिल्लीवालों को साफ हवा में सांस लेने के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 7:05 बजे राजधानी की हवा खराब श्रेणी में थी. कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर औसत से भी ज्यादा दर्ज किया गया. खासतौर पर PM2.5 और PM10 प्रदूषक हवा में प्रमुख रूप से मौजूद रहे. ये बेहद छोटे कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
यहां सबसे ज्यादा प्रदूषण
दिल्ली के सिरिफोर्ट इलाके में AQI 346 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में है. वहीं, द्वारका के NSIT इलाके में ये आंकड़ा 330 रहा. यानी इन जगहों पर हवा की स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है. इसके अलावा पंजाबी बाग में AQI 276, चांदनी चौक में 271 और ITO में 267 दर्ज किया गया. दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में ये 259 और IIT दिल्ली में 258 रहा. जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में AQI 240, बुराड़ी में 221 और आनंद विहार में 205 दर्ज किया गया. ये सभी इलाके खराब श्रेणी में शामिल रहे. वहीं, ओखला फेज-2 में AQI 191 और IMD लोधी रोड पर 149 रिकॉर्ड किया गया. इन दोनों जगहों की हवा मध्यम श्रेणी में रही.
कितना AQI है खतरनाक?
CPCB के मानकों के मुताबिक, 0 से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक और 101 से 200 मध्यम माना जाता है. 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है. ऐसे में 216 का आंकड़ा बताता है कि दिल्ली की हवा फिलहाल राहत देने वाली स्थिति में नहीं है.
AAP नेता ने उठाए सवाल
इस बीच दिल्ली में प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकार के AQI डेटा पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि मॉनिटरिंग स्टेशनों पर दर्ज आंकड़े कई इलाकों की वास्तविक प्रदूषण स्थिति नहीं दिखा रहे हैं. भारद्वाज ने IIT दिल्ली में सबसे ज्यादा AQI दर्ज होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये एक हरा-भरा और साफ कैंपस है. उन्होंने जहांगीरपुरी और आनंद विहार जैसे इलाकों की स्थिति का भी जिक्र किया. साथ ही AAP नेता ने आरोप लगाया कि जहांगीरपुरी के एक AQI मॉनिटरिंग स्टेशन पर लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा था, जिससे प्रदूषण के आंकड़े वास्तविकता से कम दिखाई दे सकते हैं. हालांकि, ये उनके आरोप हैं. फिलहाल दिल्ली की हवा खराब बनी हुई है. ऐसे में सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतना और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाना जरूरी है.
News Source: ANI
आस्था का महासैलाब : बिहार से लेकर दिल्ली तक घाटों पर गूंजे छठी मैया के गीत, डूबते सूर्य को अर्घ्य
