Home Top News छठ महापर्व की शुरुआत, नहाय-खाय से गूंजे सूर्य उपासना के गीत; जानें चार दिनों तक कैसे होगी पूजा

छठ महापर्व की शुरुआत, नहाय-खाय से गूंजे सूर्य उपासना के गीत; जानें चार दिनों तक कैसे होगी पूजा

by Preeti Pal 13 November 2026, 10:11 AM IST
13 November 2026, 10:11 AM IST
छठ महापर्व की शुरुआत, नहाय-खाय से गूंजे सूर्य उपासना के गीत; जानें चार दिनों तक कैसे होगी पूजा

Chhath Puja 2026: देशभर में आस्था, भक्ति और लोक परंपरा का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से शुरू हो गया है. सुबह से ही बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में छठ व्रतियों की चहल-पहल देखने को मिल रही है. कहीं श्रद्धालु पवित्र नदियों और तालाबों में स्नान कर रहे हैं, तो कहीं सूर्य मंदिरों में भगवान भास्कर के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हैं. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व की शुरुआत पहले दिन के खास अनुष्ठान नहाय-खाय से हुई है. हम सभी जानते हैं कि, छठ पूजा सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि परिवार, प्रकृति और सूर्य के प्रति आभार जताने का मौका भी है. इस दौरान व्रती बहुत मुश्किल नियमों का पालन करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं.

शुरू हुई आस्था की परंपरा

छठ के पहले दिन यानी नहाय-खाय पर व्रती पवित्र नदी, तालाब या जलाशय में स्नान करते हैं. इसके बाद घर की साफ-सफाई और शुद्धता का खास ध्यान रखते हुए पारंपरिक भोजन तैयार किया जाता है. इस खाने में अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी खास तौर से शामिल होती है. औरंगाबाद में छठ पूजा करने पहुंची एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि उन्होंने नहाय-खाय का खाना तैयार कर लिया है. अब सूर्यकुंड में स्नान के बाद भगवान सूर्य के दर्शन करने जा रही हैं. उन्होंने कहा कि यहां दूर-दूर से लोग छठ मनाने आते हैं. श्रद्धालुओं की मान्यता है कि छठी मैया सभी की मनोकामनाएं पूरी करती हैं. वहीं, पटना की एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि गंगा किनारे रहने वाले लोगों के लिए छठ पूजा से दूर रहना संभव ही नहीं है.

उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बिहार के औरंगाबाद जिले के देव स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है. मंदिर के मुख्य पुजारी राजेश पाठक के मुताबिक, ये मंदिर भगवान भास्कर को समर्पित है. यहां सूर्य देव की तीन स्वरूपों में पूजा की जाती है, जिन्हें ब्रह्मा, विष्णु और महेश के प्रतीक के तरह भी देखा जाता है. मंदिर में सूर्य के उदय, दोपहर और अस्त होने के स्वरूपों से जुड़ी प्रतिमाएं स्थापित हैं. पुजारी ने बताया कि 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ व्रत शुरू हुआ है. 14 नवंबर को खरना होगा, जबकि 15 नवंबर को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा. इसके बाद 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व का समापन होगा. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में विशेष इंतजाम किए गए हैं. बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं की गई हैं.

छठ पूजा के लिए घर लौट रहे श्रद्धालु, स्टेशन पर उमड़ी भीड़; दिल्ली को मिला 11 KM लंबा छठ घाट

ऐसे चलेगा छठ महापर्व

छठ पूजा का हर दिन अपने आप में खास होता है. 13 नवंबर को इस व्रत का पहला दिन है, जिसे नहाय-खाय कहते हैं. पहले दिन व्रती स्नान करके शुद्ध भोजन ग्रहण करते हैं. अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी इस दिन के पारंपरिक भोजन का हिस्सा होती है. फिर 14 नवंबर को खरना है. यानी दूसरे दिन व्रती सूर्योदय से सूर्यास्त तक निर्जला उपवास रखते हैं. शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करके व्रत खोलते हैं. इसके बाद लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है. इसके बाद 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य है. यानी तीसरे दिन व्रती परिवार के साथ नदी, तालाब या बाकी जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं. यहां डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. इस दौरान घाटों पर भक्ति गीतों और पूजा-पाठ का माहौल रहता है. इसके बाद 16 नवंबर को उषा अर्घ्य है. चौथे और आखिरी दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. इसके बाद पारण के साथ व्रत पूरा होता है.

आराधना का पर्व

छठ महापर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है. सूर्य को ऊर्जा और जीवन का आधार माना जाता है. यही वजह है कि इस पर्व में प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार की खुशहाली की कामना प्रमुख रहती है. इस महापर्व की सबसे खास बात इसकी सादगी, पवित्रता और अनुशासन है. व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए पूरे समर्पण के साथ पूजा करते हैं. घाटों पर परिवारों की मौजूदगी, पारंपरिक गीत और प्रसाद की तैयारी इस पर्व को खास बनाते हैं. चार दिनों तक चलने वाला ये उत्सव एक बार फिर देशभर में आस्था और एकता का खूबसूरत रंग बिखेर रहा है.

News Source: ANI

छठ पूजा पर दिल्ली सरकार की बड़ी सौगात: शालीमार बाग में बना भव्य घाट, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?