Complaint against Kharge: भारतीय जनता पार्टी ने आज (सोमवार) देशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मलिल्कार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के पिता के बारे में एक विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद से इस मुद्दे पर राजनीति तेज हो गई है. गृह मंत्री अमित शाह से लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम मोहन यादव ने खरगे पर निशाना साधा है और उनके कमेंट को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. इसके विरोध में अब खरगे के खिलाफ शिकायत भी दर्ज की गई है और आज बीजेपी ने देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है.
बिहार भाजपा राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य कृष्ण कुमार ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है और जांच की मांग की है. अपनी शिकायत में, कृष्ण कुमार ने कहा कि उन्हें टेलीविजन समाचार रिपोर्टों के जरिए इन कथित टिप्पणियों के बारे में पता चला, जिससे उन्हें बहुत दुख हुआ. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से किसी व्यक्ति के परिवार के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करना एक संवेदनशील मामला है. सार्वजनिक जीवन में गरिमा और आपसी सम्मान बनाए रखना बहुत जरूरी है.
क्या बोले खरगे
यह घटनाक्रम तब सामने आया जब पटना के कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने चिल्लाकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खड़गे ने कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा.” इसके बाद से यह मामला गरमा गया.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर दुख जताया. उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर आरोप लगाया कि वे व्यक्तिगत हमले करके राजनीतिक चर्चा के स्तर को गिरा रहे हैं. एक पोस्ट में सिंह ने कहा कि पटना, बिहार में प्रधानमंत्री के पिता को लेकर खड़गे की गई टिप्पणी से वे “स्तब्ध और आहत” हैं. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहले भी प्रधानमंत्री मोदी की साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाया है और उनकी माता के बारे में अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया है. उन्होंने कहा कि अब यही व्यवहार पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गया है.
अमित शाह ने की आलोचना
अमित शाह ने लिखा कि पटना में प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करके मल्लिकार्जुन खड़गे ने सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक मर्यादा के सभी मानदंडों को पूरी तरह से तोड़ दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है. कांग्रेस के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, “कभी उन्होंने उनकी पूजनीय माताजी के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, तो कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा और कई मौकों पर उन्होंने उन्हें ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का मजाक उड़ाया.”
कल बढ़ सकती हैं राहुल गांधी की मुश्किलें! मानहानि मामले में कोर्ट सुनाएगा फैसला; जानें क्या था मामला
News Source: ANI
