Impeachment Program: ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी बड़े नेता शनिवार दोपहर 3:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास, 10 राजाजी मार्ग पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक ‘सार्वजनिक महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे. राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के कारण शुक्रवार को इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था, जिसके बाद अब इसे फिर से तय किया गया है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ नेताओं को कोई असुविधा न हो, इसलिए सभी की सहमति से यह निर्णय लिया गया है.
शुक्रवार को दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “बारिश की वजह से हमने सर्वसम्मति से आज के कार्यक्रम को कल उसी समय के लिए टालने का फैसला किया है. हमें लगा कि वरिष्ठ नेताओं के लिए बारिश में बैठना मुश्किल होगा, इसलिए हम यही कार्यक्रम कल आयोजित करेंगे.”
महारैली के लिए सभी को दिया निमंत्रण
राहुल ने राजनीतिक दलों, नागरिक समाज के सदस्यों, पत्रकारों और अन्य नागरिकों को 1 नवंबर को रामलीला मैदान तक ‘इंडिया’ गठबंधन के मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया. उन्होंने कहा, “इसके अगले दिन, हमारा रामलीला मैदान तक एक मार्च है. इसमें पूरा विपक्ष और जो भी आना चाहे – चाहे वे राजनीतिक हों, गैर-राजनीतिक हों, सामाजिक कार्यकर्ता हों, सेवा से जुड़े लोग हों, नागरिक समाज के सदस्य हों या पत्रकार – सभी शामिल हो सकते हैं. ये दोनों कार्यक्रम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग में उनके साथियों द्वारा भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किए जाने के खिलाफ हैं.” राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री लोगों को इस रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली आने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं.
“लोगों को रोकने की कोशिश हो रही है”
राहुल गांधी ने कहा, “गृह मंत्री लोगों को दिल्ली आने से रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. वे यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से आने वाले हमारे पार्टी सदस्य और आम लोग दिल्ली न पहुंच पाएं. वे अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं…” उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली रैली से जनता की भावनाएं सामने आएंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों मतदाताओं के मताधिकार छीनने और उनके वोट चोरी होने की घटनाओं से लोग नाराज और परेशान हैं. राहुल गांधी ने इन प्रस्तावित प्रदर्शनों को विपक्ष की एकजुट कोशिश बताते हुए कहा कि सभी पार्टियां संविधान, ‘भारत के विचार’ और नागरिकों के वोट देने के अधिकार की रक्षा के लिए एक साथ खड़ी हैं.
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की नई रणनीति, 30 नवंबर को ‘सार्वजनिक महाभियोग’ कार्यक्रम
News Source: ANI
