Social Media: दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मंगलवार को लगभग 500 ऐसी सोशल मीडिया पोस्ट को हटा दिया, जिनसे समाज में अशांति और अफवाहें फैलने की आशंका थी. पुलिस के एडिशनल कमिश्नर संजय भाटिया के मुताबिक, दिल्ली पुलिस राष्ट्रीय राजधानी में हाल ही में हुए विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी फर्जी, गुमराह करने वाली और एआई जनरेटेड पोस्ट के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है.
गलत जानकारी साझा न करने की अपील
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है. ऐसी किसी भी सामग्री के खिलाफ उचित और कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ सकती है, अफवाहों को बढ़ावा देती है या अपराध की श्रेणी में आती है. पुलिस ने नागरिकों से भी सोशल मीडिया पर किसी भी अधूरी या असत्यापित जानकारी को साझा न करने की अपील की है. भाटिया ने कहा कि जब भी हमें जानकारी मिलती है या हम सोशल मीडिया की निगरानी और पेट्रोलिंग करते हैं, और हमें ऐसी पोस्ट मिलती हैं जो गलत, फ़र्ज़ी या AI से बनाई गई हैं तो हम उचित और सख्त कार्रवाई करते हैं.
सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा बने कंटेंट पर नजर
कहा कि इसमें ऐसी पोस्ट को हटाना शामिल है, खासकर वे जो AI से बनाई गई हैं, जिनमें गलत जानकारी या अफ़वाहें हैं, अश्लील कंटेंट है, या जो सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा हैं. भाटिया ने आगे कहा कि हाल के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी कई पोस्ट को उनके कंटेंट की जांच के बाद हटा दिया गया, क्यों कि वे गलत, झूठी, अफ़वाहों पर आधारित थीं, या सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने में सक्षम थीं. उन्होंने कहा कि अगर मामला दर्ज करने की ज़रूरत होती है, तो हम मामला दर्ज करते हैं, और अगर किसी पोस्ट को हटाने की ज़रूरत होती है, तो हम उसे हटवाते हैं. भाटिया ने कहा कि हाल के विरोध प्रदर्शनों के संबंध में बड़ी संख्या में पोस्ट हटाई गई हैं.
देश का माहौल खराब करने वालों पर शिकंजा
इस बीच, दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशन्स (IFSO) यूनिट ने सोशल मीडिया हैंडल के ख़िलाफ़ चार से ज़्यादा FIR दर्ज की हैं, जो गलत बातें फैला रहे हैं और देश का माहौल खराब कर रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार, सीमा पार से भारत-विरोधी भावनाएं फैलाने में कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स भी सक्रिय पाए गए हैं. 10 अक्टूबर को कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स ने विरोध प्रदर्शन के दौरान मौतों का दावा करने वाली झूठी खबरें फैलाईं. पाकिस्तान से ऑपरेट करने वाले यूज़र्स भारतीय बनकर नकली वीडियो और गुमराह करने वाली खबरें भी फैला रहे हैं. दिल्ली पुलिस ने सोमवार के मार्च के दौरान नियमों के उल्लंघन को लेकर कई FIR भी दर्ज की है. पुलिस के अनुसार, BNSS की धारा 163 के उल्लंघन के लिए कनॉट प्लेस, तिलक मार्ग, बाराखंभा और मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशनों में FIR दर्ज की गई है.
9 साल की बच्ची से जहाज में उत्पीड़न का आरोप, पुलिस ने मदरसा शिक्षक सैयद मोहम्मद को किया गिरफ्तार
News Source: ANI
