Terrorist Network: आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक बड़े देशव्यापी अभियान के तहत आतंकी संगठनों से जुड़े 12 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है.
Terrorist Network: आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक बड़े देशव्यापी अभियान के तहत आतंकी संगठनों से जुड़े 12 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और राजस्थान सहित कई राज्यों में छापेमारी के बाद की गई. खुफिया जानकारी के आधार पर गठित विशेष टीमों ने इस नेटवर्क को ध्वस्त किया. गिरफ्तार किए गए लोगों में से तीन संदिग्ध आंध्र प्रदेश के निवासी हैं. पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी आतंकी गतिविधियों और संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े थे. पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और संभावित साजिशों का खुलासा किया जा सके. इस अभियान के तहत बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और राजस्थान में विशेष टीमें गठित कर छापेमारी की गई. आंध्र प्रदेश के तीन लोगों की पहचान मोहम्मद रहमतुल्लाह शरीफ, मिर्जा सोहेल बेग और मोहम्मद दानिश के रूप में की गई है. ये सभी विजयवाड़ा शहर के निवासी हैं.
ISIS के संपर्क में थे सभी आरोपी
पुलिस ने बताया कि तीनों आतंकी विचारधारा को बढ़ावा देने और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़ी गतिविधियों शामिल थे. आरोपी भारत में अल-कायदा (एक्यूआईएस) और इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) से जुड़े विदेशी आकाओं के संपर्क में थे और राष्ट्र विरोधी गितिविधियों के लिए काम कर रहे थे. पुलिस की जांच से पता चला कि तीनों आरोपियों ने युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, उन्हें जिहाद के लिए तैयार करने और देश भर में अपने नेटवर्क का विस्तार करने के उद्देश्य से “अल मलिक इस्लामिक यूथ” नाम से एक समूह बनाया था. काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) सेल ने पाया कि आरोपियों ने एक्यूआईएस और आईएसआईएस जैसे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के साथ संपर्क स्थापित किया था और विदेशी आकाओं के निर्देशों पर काम कर रहे थे. तीनों कथित तौर पर गज़वा-ए-हिंद (भारत के खिलाफ युद्ध) की अवधारणा की दिशा में भी काम कर रहे थे. तीनों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय करके कई राज्यों में अपने नेटवर्क का विस्तार किया था.
देश विरोधी भाषणों से प्रभावित था रहमतुल्ला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि टैक्सी चालक रहमतुल्ला अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी नेताओं के देश विरोधी भाषणों से प्रभावित था और सक्रिय रूप से सोशल मीडिया पर चरमपंथी सामग्री को साझा करता था. रहमतुल्ला ने दानिश और सोहेल बेग के साथ ऑनलाइन प्लेटफार्मों के माध्यम से जिहाद से संबंधित गतिविधियों का विस्तार किया. रहमतुल्ला ने सोशल मीडिया के माध्यम से अल-हकीम शुकुर नामक एक विदेशी हैंडलर के साथ संपर्क बढ़ाया और उसके निर्देश पर बिहार के शादमान दिलकुश और हैदराबाद की सईदा बेगम के साथ सहयोग किया. अधिकारी ने कहा कि इसके अलावा उसने आईएसआईएस से जुड़े “बेनेक्स कॉम” समूह से जुड़े व्यक्तियों अजमानुल्लाह खान (बिहार), लकी अहमद (दिल्ली), मीर आसिफ अली (पश्चिम बंगाल), जीशान (राजस्थान), अब्दुल सलाम (कर्नाटक), शाहरुख खान और शियाक पियाज उर रहमान (महाराष्ट्र) के साथ संबंध स्थापित किए.
ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान जाने वाले थे आरोपी
अधिकारी ने कहा कि मुजाहिदीन ने ओसामा बिन लादेन के वीडियो देखे और कट्टरपंथी प्रचार में शामिल होने के दौरान उसकी नकल की. उसने कथित तौर पर ऑनलाइन पोस्ट में राष्ट्रीय ध्वज को आईएसआईएस के ध्वज से बदल दिया, राष्ट्रगान का मजाक उड़ाया, राष्ट्रीय ध्वज को जलाया, आईएसआईएस की प्रशंसा की और नफरत फैलाई. आरोपी रहमतुल्ला ने भारत को एक इस्लामिक राज्य में परिवर्तित करने के अपने उद्देश्य की घोषणा की. जांच से पता चला कि सभी आरोपी प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए एक महीने के भीतर पाकिस्तान की यात्रा करने वाले थे और युवाओं को पाकिस्तान में आतंकवादी प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित भी कर रहे थे. पुलिस ने कहा कि अतिरिक्त लिंक की पहचान करने और नेटवर्क के विस्तार को रोकने के लिए आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली में विदेशी हथियारों का जखीरा जब्त, चीन, तुर्की और इटली मेड पिस्टल बरामद, 10 गिरफ्तार
News Source: PTI
