UP BJP: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में अवध क्षेत्र की बैठक की. बैठक में चुनाव की रणनीति, मतदाता संपर्क, बूथ एवं पोलिंग सेंटर प्रबंधन तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. तय किया कि चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ उतरेगी.
तैयारियों में जुटें कार्यकर्ता
बैठक में आगामी शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव में संगठन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बूथ स्तर तक प्रभावी चुनाव प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव केवल एक चुनावी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि प्रदेश के शिक्षित, बुद्धिजीवी और स्नातक मतदाताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी के निरंतर संपर्क एवं संवाद को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना होगा. उन्होंने कहा कि नामांकन से ठीक एक दिन पहले तक मतदाता फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं. जिन कार्यकर्ताओं के पास भरे हुए फॉर्म उपलब्ध हैं, उन्हें तत्काल जमा कराया जाए.

हर जिले में बने चुनाव कार्यालय
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसंपर्क के दौरान प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की उपलब्धियों से संबंधित सामग्री मतदाताओं तक पहुंचाई जाए. साथ ही मतदाताओं को बैलेट पेपर पर मतदान की सही प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि तकनीकी अथवा प्रक्रिया संबंधी त्रुटि के कारण कोई मत निरस्त न हो. प्रदेश अध्यक्ष ने प्रत्येक जिले में चुनाव कार्यालय स्थापित करने तथा कॉल सेंटर को सक्रिय करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि नामांकन के दिन पार्टी की पूरी ताकत प्रत्याशी के साथ दिखाई देनी चाहिए.
मतदाताओं से सीधे संपर्क करें कार्यकर्ता
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव भी लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तरह पूरी तैयारी, अनुशासन और सुदृढ़ संगठनात्मक रणनीति के साथ लड़ेगी. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सफलता के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता से सीधे संपर्क और संवाद स्थापित करे तथा मतदान के दिन उसके मतदान को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाए. उन्होंने कहा कि चुनाव का क्षेत्र व्यापक है और समय सीमित है. प्रत्येक जिले, विधानसभा, मतदान केंद्र और मतदेय स्थल के स्तर पर जिम्मेदारियां स्पष्ट हों तथा उनकी निरंतर निगरानी की जाए. धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता सूची संगठन की चुनावी रणनीति का आधार है.
हमारी सबसे बड़ी पूंजी है संगठनात्मक शक्ति
कहा कि शिक्षण संस्थानों और शिक्षक समुदाय से जुड़े प्रमुख लोगों के साथ संवाद बढ़ाया जाए तथा विधानसभा स्तर पर सम्मेलन एवं संपर्क कार्यक्रमों को गति दी जाए. उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन अपनी सामूहिक शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर प्रत्येक चुनाव को जनसंपर्क के व्यापक अभियान में बदलता है. शिक्षक एवं स्नातक चुनाव में भी यही संगठनात्मक शक्ति हमारी सबसे बड़ी पूंजी है. प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की दृष्टि से अब संगठन के सामने अंतिम और महत्वपूर्ण चरण है. बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं चुनाव प्रभारी संजय राय ने शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की.
हर विधानसभा क्षेत्र में होगा संवाद कार्यक्रम
अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव में अवध क्षेत्र का संगठन पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ जुटा हुआ है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी जिलों में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मतदाता संपर्क अभियान को और व्यापक बनाएंगे. प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा मतदान केंद्र स्तर पर टीमों को सक्रिय किया जाएगा.बैठक का संचालन अवध क्षेत्र के महामंत्री राजीव मिश्रा ने किया. बैठक में अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
UP की 10 राज्यसभा सीटों पर ECI ने की चुनाव की घोषणा, इस दिन होगी वोटिंग, समझें गणित
