UP Politics: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने उत्तर प्रदेश की BJP सरकार पर मनमाने ढंग से काम करने, कानूनों का गलत इस्तेमाल करने और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. पूर्व मुख्यमंत्री ने इलाहाबाद हाई कोर्ट की उन टिप्पणियों का ज़िक्र किया जो ‘गुंडा एक्ट’ लागू करने को लेकर की गई थी और उसे बेहद गंभीर बताया. हाई कोर्ट ने पिछले हफ़्ते राज्य में ‘गुंडा एक्ट’ के कथित गलत इस्तेमाल को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की कड़ी आलोचना की थी. कोर्ट ने कहा था कि उसके सामने आए मामलों से ऐसा लगता है कि राज्य सरकार इस सख़्त कानून का इस्तेमाल लोगों को परेशान करने के हथियार के तौर पर करने पर आमादा है.
विपक्षी नेताओं को किया जा रहा बदनाम
यादव ने आरोप लगाया कि BJP सरकार कानून और संविधान के मुताबिक काम नहीं कर रही है. जब तक BJP सत्ता में रहेगी, कानून का राज नहीं चलेगा. सरकार मनमाने ढंग से काम कर रही है और पुलिस को खुली छूट दे दी गई है. उन्होंने राज्य सरकार पर कानूनों का गलत इस्तेमाल करने और लोगों को परेशान करने व विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए झूठे मामले दर्ज करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार अपनी ताकत का इस्तेमाल विपक्ष के नेताओं को बदनाम करने के लिए कर रही है. वह उन्हें बदनाम करने के लिए आपत्तिजनक वीडियो बनवा रही है. हाई कोर्ट को इस मामले का स्वतः संज्ञान लेना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि महिला आयोग को उस महिला के आरोपों पर संज्ञान लेना चाहिए जिसने ऐसे वीडियो बनाने में शामिल एक अधिकारी के खिलाफ शिकायत की है.
एसपी प्रमुख ने पक्की नौकरी का किया वादा
यादव ने बीजेपी सरकार पर पंचायत सहायकों समेत विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों और संगठनों को धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान किए बिना ही उनसे काम करवाया गया. उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है, तो वह गांव-स्तर की नौकरियों में विसंगतियों को दूर करेगी, आउटसोर्सिंग सिस्टम खत्म करेगी और पक्की नौकरी देगी. उन्होंने कहा कि नौकरियों में वेतन की असमानताओं को भी दूर किया जाएगा.
कहा- BJP सरकार में उद्योगों को नुकसान
यादव ने बीजेपी सरकार पर माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज (MSME) सेक्टर को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि लखनऊ के सरोजिनी नगर और कानपुर के औद्योगिक क्षेत्रों को नुकसान हुआ है. उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार बाहर से इतने सारे सामान का आयात करती रही, तो यहां का MSME सेक्टर कैसे बचेगा? SP प्रमुख ने BJP पर लोकतंत्र-विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार से सवाल पूछने पर लोगों को धमकाया और परेशान किया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सरकार के दौर में अगर कोई किसी गांव, शहर या स्कूल की समस्याओं को उठाता है, तो उस व्यक्ति के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाती है.
‘सबका साथ, सबका विकास’ या नया समीकरण? UP में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए BJP का मास्टरप्लान
News Source: PTI
