India Won Asia Cup: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दुबई में खेले गए महिला T20 एशिया कप 2026 के फाइनल मैच में श्रीलंकाई टीम को 72 रन से हराकर जीत हासिल कर ली है. वहीं दूसरी ओर भारतीय टीम ने पाकिस्तान के एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी से कप नहीं लिया. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारत ने यहां श्रीलंका को हराकर अपना रिकॉर्ड आठवां एशिया कप खिताब जीता, लेकिन खिलाड़ी टूर्नामेंट के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के लिए मैदान में नही आए.
रिपीट हुई कहानी
भारत के हेड कोच अमोल मजूमदार ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “भारत ऑफिशियली (एशिया कप) चैंपियन है. ट्रॉफी मिले या न मिले, इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता. यह BCCI का स्टैंड है (नकवी से ट्रॉफी न लेने का). हम इस पर कुछ नहीं कह सकते.” गौरतलब है कि भारतीय पुरुष टीम ने पिछले साल नकवी से एशिया कप ट्रॉफी और मेडल लेने से मना कर दिया था. एक साल बाद भी BCCI ने अपना रुख नहीं बदला. भारतीय टीम को अभी तक वह एशिया कप ट्रॉफी नहीं मिली है और उसे ACC ऑफिस में रखा गया है. इसके बजाय, सूर्यकुमार यादव की लीडरशिप वाली इंडियन टीम ने बिना किसी प्राइज के मंच पर अचानक सेलिब्रेशन किया था.
इस बार BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने नंदिनी शर्मा को इन-हाउस बेस्ट फील्डर मेडल दिया. इसके बाद भारतीय टीम ग्राउंड पर वापस ही नहीं आईं. हालांकि, श्रीलंकाई टीम को नकवी से रनर-अप का चेक मिला और उससे पहले सभी प्लेयर्स और सपोर्ट स्टाफ ने SLC के इंटरिम चीफ एरन विक्रमरत्ने से मेडल लिए.
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को एशिया कप जीतने पर बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल! महिला टीम को एशिया कप जीतने पर बधाई. पूरे टूर्नामेंट में उनका कॉन्फिडेंस, कंसिस्टेंसी और स्पिरिट साफ दिखी. उम्मीद है यह जीत देश भर के लाखों युवाओं को और खेलने और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगी.”
पहलगाम हमले के बाद बदला भारत का रुख
नकवी श्रीलंकाई कप्तान चमारी अथापट्टू को अवॉर्ड देने के तुरंत बाद स्टेडियम से चले गए, लेकिन पिछले साल के उलट वह ट्रॉफी लिए बिना ही चले गए. पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच डिप्लोमैटिक रिलेशन ठंडे पड़ गए हैं. दोनों पक्षों के खिलाड़ी – पुरुष और महिला – अब एशियाई या ICC द्वारा आयोजित वैश्विक कार्यक्रमों में जब भी मिलते हैं तो नो-हैंडशेक प्रोटोकॉल का पालन करते हैं.
News Source: PTI
