28 दिसंबर 2023
डीएमडीके के संस्थापक विजयकांत का निधन
प्रधानमंत्री मोदी ने डीएमडीके के संस्थापक विजयकांत के निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि विजयकांत के निधन से तमिलनाडु की राजनीति में एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है जिसे भरना मुश्किल होगा।
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखा जिसमें कहा गया है कि विजयकांत जी के निधन से बेहद दुखी हूं। वह तमिल फिल्म जगत के एक किंवदंती रहे, जिन्होंने अपने करिश्माई प्रदर्शन ने लाखों लोगों के दिलों पर राज किया। एक राजनैतिक नेता के तौर पर वह सार्वजनिक सेवा के लिए बेहद प्रतिबद्ध थे।
विजयकांत ने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर एक स्थाई प्रभाव छोड़ा। उनके निधन से एक शून्य पैदा हो गया है जिसे भरना मुश्किल होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने विजयकांत को अपना करीबी मित्र बताया और उनके साथ बिताए पलों को भी याद किया। पीएम ने कहा कि दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं।
वही गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट लिखा कि डीएमडीके नेता और सम्मानित दिग्गज अभिनेता विजयकांत के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। प्यार से कैप्टन कहे जाने वाले विजयकांत ने फिल्मी पर्दे और अपनी अन्य भूमिकाओं के जरिये लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घोषणा की कि सरकार विजयकांत का अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान से कराएगी। स्टालिन ने कहा कि विजयकांत का निधन तमिलनाडु और सिनेमा जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।
आपको बता दें कि विजयकांत का गुरूवार को चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया। विजयकांत को निमोनिया के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इसके बाद से वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उनकी उम्र 71 साल थी। वह लंबे समय से बीमार थे और पिछले चार-पांच सालों से राजनीति से लगभग दूर थे। जिसके बाद उनकी पत्नी प्रेमलता ने 14 दिसंबर 2023 को औपचारिक रूप से पार्टी की कमान संभाली थी।
यह भी पढ़ें: राजनीति समाचार, भारतीय राजनीतिक खबरें, पॉलिटिक्स की ताज़ा ब्रेकिंग
