Assam Flood News: देश का उत्तर-पूर्वी राज्य असम, आजकल भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहा है. इससे लाखों की संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं, वहीं बाढ़ से प्रभावित जिलों की संख्या अब सात हो गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, इस साल असम में बाढ़ से अब तक 82 लोगों की मौत हो चुकी है. इस बीच प्रदेश में बाढ़ से राहत को लेकर ताजा अपडेट आया है. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, असम में बाढ़ की स्थिति में अब सुधार हुआ है. प्रभावितों की संख्या घटकर 1.78 लाख हो गई है. वहीं, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा सबसे अधिक प्रभावित जिलों का दौरा भी करेंगे.
केंद्र सरकार की ओर से 370 करोड़ की मंजूरी
जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने रविवार को बताया कि असम में बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है और प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 1.78 लाख हो गई है. हालांकि, बाढ़ से प्रभावित जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई है. उन्होंने बताया कि मरने वालों की संख्या 82 पर ही बनी हुई है क्योंकि पिछले 24 घंटों में राज्य में किसी नई मौत की खबर नहीं मिली है.
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा रविवार से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे, जबकि केंद्र सरकार ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) के तहत 370 करोड़ रुपये से ज्यादा की मंजूरी दी है.
पांच जिले और 1.92 लाख लोग प्रभावित
गोलाघाट, शिवसागर, चराइदेव, बाजाली, धेमाजी, सोनितपुर और जोरहाट जिलों के कुल 349 गांव बाढ़ से प्रभावित रहे. चराइदेव सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां 75,199 लोग प्रभावित हुए, इसके बाद शिवसागर में 58,824 लोग प्रभावित हुए.
शुक्रवार को कुल पांच जिले और 1.92 लाख लोग प्रभावित हुए. राज्य में 44 राहत कैंप चल रहे थे, जिनमें लगभग 15,000 बेघर हुए लोगों को आश्रय दिया गया. इसके अलावा, 17 राहत वितरण केंद्र भी काम कर रहे थे, जिनसे 5,569 लोगों को मदद मिली. वहीं, 15,060 हेक्टेयर में फैली फसलें पानी में डूब चुकी हैं, जबकि 1,543 जानवर बह गए और 6,765 जानवर प्रभावित हुए.
असम के सीएम ने क्या कहा?
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बाढ़ से प्रभावित राज्य को हर तरह की मदद देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “SDRF के तहत 379.35 करोड़ रुपये की मंजूरी और असम में अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमों को समय पर भेजने से पता चलता है कि केंद्र सरकार हमारे लोगों के साथ खड़े रहने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.” मुख्यमंत्री प्रभावित जिलों का दौरा करेंगे ताकि राहत कार्यों की देखरेख कर सकें और यह सुनिश्चित कर सकें कि नुकसान का सही आकलन हो.
उन्होंने कहा, “कुछ ही देर में मैं डिब्रूगढ़ पहुंचूंगा और उसके बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों से मिलूंगा, चल रहे राहत कार्यों का जायजा लूंगा और प्रभावितों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए नुकसान के पक्के आकलन की प्रक्रिया की तैयारी शुरू करूंगा.”
कर्नाटक में भारी बारिश बनी आफत, भूस्खलन से 3 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत
News Source: PTI
