UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त किया कि साइक्लोन के कारण असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई सरकार पैकेज लाकर करेगी. उन्होंने कहा कि हमने इसका मुआवजा तो दिया है, लेकिन मैं मानता हूं कि यह नाकाफी है. अन्नदाता किसान को जो नुकसान हुआ है, डबल इंजन की सरकार उसकी पूरी भरपाई करने का काम करेगी. सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि पूरा सर्वे कर लीजिए, तात्कालिक मुआवजा दीजिए. हम एक नया पैकेज अन्नदाता किसानों के लिए लाएंगे, जिसके माध्यम से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी.
योगी सरकार ने खत्म किया दशकों का इंतजार : 30 साल बाद मीरजापुर का जरगो बांध पानी से लबालब
रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन
सीएम योगी ने रविवार को चौरीचौरा में 59.44 करोड़ रुपये से बने भोपा बाजार (समपार संख्या 147बी) रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन किया. साथ ही 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को भी संबोधित किया. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने अपनी सरकार में उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था. सपा सरकार अपराध बढ़ाती थी, जबकि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर किया. सपा सरकार लूटपाट करने को बदमाश पालती थी, जबकि भाजपा सरकार ने विकास के जरिये बदलाव करके दिखा दिया है.

गरीबों के हकों पर डाका डालने वालों से रहें सावधान
कहा कि उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, प्रगति व संस्कृति की धरती बन गई है. अब यहां कर्फ्यू, उपद्रव या दंगा नहीं, उत्सव होता है. अखिलेश यादव के समय बाहरी लोग यूपी का नाम सुनकर सौ कोस दूर भागते थे. आज यूपी वालों की आवभगत व सम्मान किया जाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने उत्तर प्रदेश के सामने पहचान, सुरक्षा का संकट खड़ा किया था, जिन्होंने युवाओं के रोजगार और नौकरी पर डकैती डाली थी, किसानों के चेहरे की खुशहाली छीनी थी, गरीबों के हकों पर डकैती डाली थी, ऐसे गिरगिटों से सावधान रहने की आवश्यकता है.
भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी
कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की धारा को आगे बढ़ाना है. भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी हो रही है. सड़कों पर अराजकता पैदा करने वाले दरअसल गरीबों के खिलाफ माहौल बना रहे हैं, क्योंकि मोदी जी ने गरीबों के चेहरों पर खुशहाली लाने का काम किया, उनका उत्थान किया. अराजकता फैलाने वाले लोग किसान, महिला और भारत की सुरक्षा के विरोधी हैं. ये नक्सलवाद, आतंकवाद और अलगाववाद के समर्थक हैं. हमें इन भ्रष्टाचारी तत्वों को अराजकता फैलाने की छूट नहीं देनी है. इनके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की तैयारी भी करनी होगी. दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए आमजन को खड़ा होना पड़ेगा.
किस मुंह से नैतिकता की बात करती हैं कांग्रेस-सपा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा के लोग किस मुंह से नैतिकता की बात करते हैं. सपा सरकार में नारा चलता था- देख सपाई, बिटिया घबराई. बेटी स्कूल जाने से और व्यापारी कारोबार करने से डरता था. पर्व-त्योहार के पहले दंगे-उपद्रव शुरू हो जाते थे. लूटपाट, गरीबों की जमीन पर कब्जे आम थे. सपा का मतलब है बदमाश को बुलावा, जबकि भाजपा का मतलब है बदलाव का सारथी बन जाना. सपा ने चार बार सरकार बनाई और 1500 दंगे करवाए. ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ दिया. 10 लाख गुंडे पाले, जो हर जिले में लूटपाट व अराजकता फैलाते थे.
कहा- माफिया को मिट्टी में मिलाया
सपा और भाजपा की सरकार में अंतर समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी. ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ दिया. माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम भी किया. अब किसी गरीब की जमीन पर कोई माफिया कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता. किसी बेटी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता, क्योंकि उसे मालूम है कि ऐसा करने पर अंजाम क्या होने वाला है.
मोदी के नेतृत्व में नई पहचान के साथ बढ़ा भारत
सीएम योगी ने कहा कि आज गोरखपुर का विकास हो रहा है. उत्तर प्रदेश बदल चुका है और भारत दुनिया में नई पहचान के साथ आगे बढ़ा है. यह नया भारत है, जहां 140 करोड़ भारतवासी मोदी जी के नेतृत्व में गौरव की अनुभूति करते हैं. विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 वर्ष में 46 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठकर सामान्य जीवनयापन का अवसर मिला है. पीएम मोदी ने देश को गरीबी के कलंक से उबारने का काम किया है. गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आया है. उन्हें आवास मिल रहा है, घर में शौचालय बन रहे हैं, निशुल्क राशन सुविधा का लाभ मिल रहा है. पहली बार देश में 55 करोड़ लोगों को निशुल्क 5 लाख रुपये प्रतिवर्ष आयुष्मान भारत का लाभ प्राप्त हुआ है. जनधन अकाउंट में 55 करोड़ लोगों के खाते खोले गए. कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार में गरीब को 100 रुपये में मात्र 15 रुपये ही मिलते थे, जबकि जनधन खातों के जरिये अब गरीब को पूरे 100 रुपये मिलते हैं.

पंडित नेहरू ने नहीं की थी चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी
सीएम योगी ने कहा कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना में 172 देशभक्तों को अंग्रेजों ने फांसी की सजा दी थी. ये कांग्रेसी कहते हैं कि पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के बहुत बड़े अधिवक्ता थे. पर, सच्चाई यह है कि उस समय इन 172 किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों की पैरवी पंडित नेहरू ने नहीं की. तब पंडित मदन मोहन मालवीय पैरवी के लिए आगे आए. मालवीय जी ने 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से छुड़ाने में सफलता हासिल की.
सीएम ने चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना के मुख्य मार्गदर्शक भगवान अहीर के साथ नजर अली, कोमल सिंह यादव, लाल मोहम्मद, अब्दुल्ला, श्याम सुंदर, महादेव सिंह, विक्रम अहीर, मेघू अली, कालीचरण, लौटू कुम्हार, रघुबीर सुनार, राम लखन, रामरूप, सहदेव, रुदई केवट, संपत अहीर, सीताराम, दुधई भर आदि की पुण्य स्मृतियों को भी नमन किया. उन्होंने कहा कि इन क्रांतिकारियों ने परिवार और जाति देखे बगैर खुद को बलिदान कर दिया. चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना ने भारत की आजादी का बिगुल फूंकने का काम किया था.
दिनकर की पंक्तियों से क्रांतिकारियों को नमन
बाबा गोरखनाथ, मां तरकुलहा देवी, शहीद बंधु सिंह, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, राजा हरिप्रसाद मल्ल और चौरीचौरा के क्रांतिकारियों व अमर बलिदानियों की स्मृतियों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैं चौरीचौरा आता हूं तो राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की कुछ पंक्तियां याद आती हैं. उन्होंने लिखा था- ‘जला अस्थियां बारी-बारी, चटकाई जिनमें चिंगारी, जो चढ़ गए पुण्यवेदी पर, लिए बिना गर्दन का मोल, कलम आज उनकी जय बोल, कलम आज उनकी जय बोल’ इसी क्रम में उन्होंने देश के अंदर अराजकता पैदा करने वालों पर दिनकर की ही पंक्तियों से कटाक्ष किया- अंधा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा…
शहीद स्मारक के नाम होगा रेल ओवरब्रिज का नामकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज के रूप में ही होना चाहिए. उन्होंने ओवरब्रिज के लिए कमलेश पासवान, संगीता यादव, जयप्रकाश निषाद और सरवन निषाद के प्रयासों का भी उल्लेख किया. इस अवसर पर प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद संगीता यादव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, सुमन यादव, सनी जायसवाल आदि उपस्थित रहे.
सीएम ने किया ओवरब्रिज का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने फीता काटकर और बटन दबाकर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कर भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन किया. इसके बाद पैदल चलकर उन्होंने ओवरब्रिज का निरीक्षण किया.
अमर बलिदानियों को अर्पित किए श्रद्धा सुमन
लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करने से पूर्व मुख्यमंत्री चौरीचौरा शहीद स्मारक पहुंचे. यहां उन्होंने चौरीचौरा के ऐतिहासिक घटना के अमर बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए. लोकार्पण व शिलान्यास समारोह के मंच पर सीएम योगी ने शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित भी किया. कृषि विभाग की योजना के लाभार्थी रामबचन, अशोक सिंह, राजमंगल, मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी, ऊषा देवी, जीरो पॉवर्टी की लाभार्थी गुंजा देवी, सुनीता देवी और औद्योगिक प्रगतिशील कृषक रामप्रीत, देवेंद्र प्रताप, रामबचन मौर्य व रामलला को सीएम योगी के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ.

गांव-गांव तक पहुंचा विकास : पासवान
समारोह में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से उबारकर विकसित राज्य बनाने का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है. उन्होंने दिनरात एक करके उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने का काम किया है. सीएम योगी के नेतृत्व में विगत 10 वर्षों में यूपी के गांव-गांव तक विकास के कार्य पहुंचे हैं. भोपा बाजार में रेल ओवरब्रिज की मांग वर्षों पुरानी थी, जिसे सीएम योगी ने पूरा किया है. उन्होंने जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्षी दलों के दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब देने और तीसरी बार योगी जी के नेतृत्व में सरकार बनाने का आह्वान किया.
योगी के नेतृत्व में मॉडल प्रदेश बना यूपी : संजय निषाद
प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के पैमाने पर तेजी से आगे बढ़कर पूरे देश में एक मॉडल प्रदेश बना है. जिस तरह चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना के जरिये अमर बलिदानियों ने अंग्रेजों को देश से भगाने में योगदान दिया था, उसी तरह सीएम योगी ने प्रदेश से राजनीतिक लुटेरों को भगाने का काम किया है. जो काम सत्तर वर्षों में नहीं हुआ था, उसे डबल इंजन सरकार ने संभव कर दिखाया.
