Lalu-Rabri: बिहार सरकार ने लालू-राबड़ी को दी गई जेड प्लस सुरक्षा वापस ले ली है. इसके साथ ही तेज प्रताप को मिली वाई श्रेणी की सुरक्षा भी छीन ली गई है. सम्राट सरकार के इस फैसले के खिलाफ आरजेडी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है. आरजेडी नेताओं का कहना है कि सुरक्षा छीन लिए जाने से लालू-राबड़ी और तेज प्रताप पर हर वक्त खतरा मंडराता रहेगा. उधर, आरजेडी विधायक व लालू के बेटे तेजस्वी ने कहा कि सम्राट सरकार अपनी असफलता छिपाने के लिए ही इस तरह की कार्रवाई कर रही है. सरकार सुरक्षा हटाकर हमें डरा नहीं सकती.
RJD नेताओं को परेशान करने का आरोप
कहा कि पहले बंगला खाली करने का नोटिस और फिर सुरक्षा हटाना यह साबित करता है कि बीजेपी सरकार अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए आरजेडी नेताओं को परेशान कर रही है. अधिकारियों ने कहा कि बिहार सरकार ने राज्य में वीआईपी लोगों को प्रदान की गई सुरक्षा की समीक्षा के बाद आरजेडी नेताओं लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की शीर्ष श्रेणी की जेड प्लस सुरक्षा वापस ले ली है. उन्होंने बताया कि जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप को प्रदान की गई वाई श्रेणी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई है.
गुरुवार देर रात जारी एक अधिसूचना के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्रियों लालू प्रसाद और राबड़ी देवी को अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) द्वारा सुरक्षा प्रदान की जाएगी. एक अधिकारी ने कहा कि विभाग ने राज्य में विभिन्न वीआईपी सुरक्षा प्राप्त लोगों की सुरक्षा की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि जेड प्लस सुरक्षा में आधुनिक हथियारों से लैस प्रशिक्षित कर्मियों की एक समर्पित टीम शामिल होती है.
तेजस्वी की Y प्लस सुरक्षा बरकरार
उन्होंने कहा कि दोनों आरजेडी नेताओं की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था में बीएसएपी के दो से आठ हाउस गार्ड, पटना जिला बल के दो अंगरक्षक और एक पायलट और बुलेटप्रूफ कार शामिल है. अधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को प्रदान की गई वाई प्लस सुरक्षा कवर बरकरार रखी है. अधिसूचना में कहा गया है कि लालू प्रसाद की बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती और तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव के लिए मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी. अधिकारी ने बताया कि समय-समय पर शासन द्वारा वीआईपी लोगों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा होती रहती है.
News Source: PTI
