Punjab Pollution: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण ने लोगों का सांस लेना मुश्किल कर दिया है. सुबह की शुरुआत धुंध और जहरीली हवा के साथ हो रही है. ऐसे में एक बार फिर पंजाब में पराली जलाने के मामले चर्चा में हैं. खेतों में लगाई जा रही आग का असर सिर्फ किसानों तक नहीं है, बल्कि इसका धुआं हवा के जरिए दूसरे राज्यों तक भी पहुंचता है. एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) की रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवंबर तक पंजाब में पराली जलाने की कुल 4,459 घटनाएं दर्ज की गई हैं.
लगा पर्यावरण मुआवजा
CAQM की रिपोर्ट के मुताबिक, पराली जलाने की 4,459 घटनाओं में से 2,998 जगहों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया. इनमें 1,310 स्थानों पर पराली जलाने के सबूत मिले. इसके बाद 1,228 मामलों में पर्यावरण मुआवजा लगाया गया. प्रशासन ने कुल 62.55 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, जिसमें से 32.60 लाख रुपये की वसूली भी हो चुकी है. इसके अलावा 884 मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत FIR दर्ज की गई है. वहीं, 1,017 खेतों के जमीन संबंधी रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है. इतना ही नहीं, CAQM एक्ट की धारा 14 के तहत 18 नोडल अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.
पंजाब में AAP को बड़ा झटका! कुनवर विजय प्रताप सिंह ने छोड़ी विधानसभा, BJP का थामा दामन
पराली जलाने के मामले
पंजाब के जिलों की बात करें तो तरनतारन पराली जलाने के मामलों में सबसे आगे है. यहां 654 घटनाएं दर्ज की गई हैं. इसके बाद फिरोजपुर में 592, संगरूर में 488, बठिंडा में 406 और पटियाला में 288 मामले सामने आए हैं. तरनतारन में 306 और फिरोजपुर में 247 जगहों पर पराली जलाने के सबूत मिले हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में कुल 32.87 लाख हेक्टेयर धान की खेती में से 91.40 फीसदी क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी है.
सरकार पर उठे सवाल
उधर, दिल्ली की हवा भी लगातार खराब बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सोमवार सुबह राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 400 के करीब पहुंच गया था. कई इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई. दिल्ली के आम आदमी पार्टी अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर AQI के आंकड़ों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि कुछ प्रदूषण निगरानी केंद्र बंद किए गए और 20 नए स्टेशन हरियाली वाले दूरदराज इलाकों में लगाए गए. उनका ये भी आरोप है कि प्रदूषित इलाकों में मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का छिड़काव करके रीडिंग प्रभावित की जा रही है. हालांकि, ये उनके आरोप हैं.
यहां पर सबसे ज्यादा प्रदूषण
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया. बुराड़ी क्रॉसिंग में 441, विवेक विहार में 437, DTU में 434 और नॉर्थ कैंपस व जहांगीरपुरी में 433 AQI रिकॉर्ड हुआ. रोहिणी में ये आंकड़ा 430 तक पहुंच गया. कुल मिलाकर, पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं और दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण दोनों चिंता बढ़ा रहे हैं. ऐसे में साफ हवा के लिए पराली प्रबंधन, सख्त निगरानी और प्रदूषण पर नियंत्रण जरूरी है.
News Source: ANI
नशा खत्म करने का वादा किया था, हुआ क्या?’ इंसाफ रैली में पंजाब सरकार पर जमकर बरसे राहुल
