Home Top News गोवर्धन पूजा पर गिरिराज तलहटी में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया दुग्धाभिषेक

गोवर्धन पूजा पर गिरिराज तलहटी में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया दुग्धाभिषेक

by Rajeev Ojha 10 November 2026, 8:38 PM IST
10 November 2026, 8:38 PM IST
गोवर्धन पूजा पर गिरिराज तलहटी में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया दुग्धाभिषेक

Govardhan Puja: गोवर्धन पूजा/ अन्नकूट महोत्सव के पावन अवसर पर गिरिराज की तलहटी में आस्था और भक्ति का एक अद्भुत संगम देखने को मिला. मंगलवार को गिरिराज महाराज का भव्य दुग्धाभिषेक किया गया. सुबह चार बजे से ही मंदिर दानघाटी, मुकुट मुखारविंद, जतीपुरा मुखारविंद सहित 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर दूध की धारा से पर्वतराज को स्नान कराने का जो क्रम आरंभ हुआ, वह देर रात तक अनवरत चलता रहा.

जयकारों से गूंजा परिक्रमा मार्ग

सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग में लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. ‘तेरी कट जाएं बाधा जीवन की, कर परिक्रमा गोवर्धन की’ जैसे भजनों के साथ महिलाएं व पुरुष परिक्रमा करते नजर आए. हरे कृष्णा-हरे राम के संकीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह पुष्प सज्जा, झांकियां और भंडारों का आयोजन किया गया था. भक्तजन सिर पर अन्नकूट की टोकरी रखकर गिरिराज प्रभु को समर्पित करते हुए आगे बढ़ रहे थे.

विदेशी भक्तों में भी दिखा भारी उत्साह

इस्कॉन और गौड़ीय संप्रदाय के भारतीय भक्तों के साथ-साथ 40 देशों से आए 10 हजार से ज्यादा विदेशी श्रद्धालुओं ने भी इस आयोजन में भारी उत्साह से सहभागिता की. विदेशी भक्त ढोल-नगाड़ों पर नृत्य और कीर्तन करते नजर आए. राधाकुंड मार्ग स्थित गौड़ीय मठ से भक्त समूह छबरियों में सजी अन्नकूट सामग्री लेकर निकले. पर्वतराज का पंचामृत से अभिषेक कर उन्हें 56 भोग समर्पित किया गया.

बरसाना में गोबर से हुआ पूजन

बरसाना कस्बे में भी गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई. भोर होते ही मंदिरों में जयकारे गूंजने लगे. श्रद्धालुओं ने राधा रानी की चौखट पर माथा टेका. शाम ढलते ही हर घर और मंदिर दीपों से जगमगा उठा. भक्तों ने गोबर से गिरिराज पर्वत का प्रतीक बनाकर दूध, दही और मिठाई का भोग लगाया. राधारानी मंदिर, रंगीली महल और मानगढ़ धाम में विशेष अनुष्ठान हुए.

प्रमुख मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव की धूम

मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन में भी गोवर्धन पूजा के साथ भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया गया. बांके बिहारी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की तीन किलोमीटर लंबी कतार लगी रही.

द्वापर युग से जुड़ी है परंपरा

दानघाटी मंदिर के सेवायत मथुरा दास कौशिक ने बताया कि श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा का विरोध कर गोवर्धन पर्वत की पूजा का प्रारंभ किया था. इंद्र के कोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए भगवान ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर पर्वत को सात दिन तक उठा लिया था. तब से यह पर्व मनाया जाता है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.

गोवर्धन पूजा का जीवन में बहुत महत्व : सुमन

नोएडा से आई श्रद्धालु सुमन शर्मा ने कहा कि दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा का हमारे जीवन में बहुत महत्व है. मैं हर साल यहां परिक्रमा करने आती हूं. गिरिराज जी के दुग्धाभिषेक के बाद मन को जो शांति मिलती है, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. यहां की व्यवस्थाएं भी इस बार बहुत शानदार है.

मन को मिलता है असीम सुकून : गौरा मणि

अमेरिका से आई श्रद्धालु गौरा मणि देवी दासी ने कहा कि इस्कॉन की गौशाला में हमने 2000 किलो सूजी के हलवे से गिरिराज जी का निर्माण किया है. इसमें 250 किलो हलवा मैंने खुद तैयार किया है. ब्रजभूमि आकर भगवान कृष्ण के करीब होने का अहसास होता है, यहां मन को असीम सुकून मिलता है.

कीर्तन की ऊर्जा अद्भुत : गौराबैनी

पोलैंड से आई श्रद्धालु गौराबैनी देवी दासी ने कहा कि मैं पहली बार गोवर्धन पूजा में शामिल हुई हूं. यहां का माहौल, लोगों की आस्था और कीर्तन की ऊर्जा अद्भुत है. हम विदेशी भक्तों के लिए ब्रज में आना किसी बड़े सपने के सच होने जैसा है. हम यहां घंटों भजन गाकर आनंद ले रहे हैं.

आस्था, आत्मगौरव और सनातन चेतना के पुनर्जागरण का महापर्व है दीपोत्सव, घरों में भी जलाएं दीप

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?