Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली विधानसभा के मॉनसून सत्र की शुरुआत से पहले शुक्रवार को विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का महिलाओं ने जोरदार स्वागत किया. बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने मुख्यमंत्री को फूलों की मालाएं पहनाईं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया. महिलाओं ने दिल्ली लक्ष्मी योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर देगी योजना
विधानसभा परिसर में महिलाओं द्वारा स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री रेखा ने भी उनका अभिवादन स्वीकार किया. सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है. उनके मुताबिक, दिल्ली लक्ष्मी योजना सिर्फ आर्थिक सहायता देने वाली योजना नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मसम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि योजना का लाभ दिल्ली की हर पात्र महिला तक आसानी से और समय पर पहुंचे. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र महिलाओं को आवेदन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया सुगम तरीके से पूरी की जाए.
4,57,541 महिलाओं का पंजीकरण पूरा
सरकार के मुताबिक, दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाएं अब तक पंजीकरण करा चुकी हैं. शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 4,57,541 महिलाओं का पंजीकरण पूरा हो चुका था, जबकि 1,72,940 महिलाओं ने अपने आवेदन सफलतापूर्वक अंतिम रूप से जमा कर दिए हैं.
सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें अपने फैसले खुद लेने के लिए सक्षम बनाना है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का विश्वास और समर्थन सरकार के लिए प्रेरणा का काम करता है. उन्होंने भरोसा जताया कि दिल्ली लक्ष्मी योजना आने वाले समय में लाखों परिवारों के लिए मददगार साबित होगी.
नई जनकल्याणकारी योजनाएं लाएगी दिल्ली सरकार
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर आगे भी नई जनकल्याणकारी योजनाएं और पहल जारी रखेगी. सरकार का लक्ष्य महिलाओं के लिए ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां वे आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें.
दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर विधानसभा परिसर में महिलाओं की बड़ी मौजूदगी को सरकार के लिए समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है. योजना के शुरुआती आंकड़े भी बताते हैं कि महिलाओं ने इसमें काफी रुचि दिखाई है. अब सरकार के सामने चुनौती यह सुनिश्चित करने की है कि पंजीकरण और आवेदन के बाद पात्र महिलाओं को योजना का लाभ तय प्रक्रिया के तहत समय पर मिल सके.
– शालिनी झा की रिपोर्ट
