Delhi Crime: दिल्ली के मंडावली इलाके में ऐसी वारदात हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घर के पास ही 22 वर्षीय युवक पर हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे. उन्होंने पीड़ित पर एक-दो बार नहीं, बल्कि करीब 17 बार चाकू से वार किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घायल युवक वंश ढेढा को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
भाभी के साथ संबंध का था शक
इस हत्या के पीछे की वजह पर कई सवाल खड़े कर रहे हैं. दूसरी ओर कहा जा रहा है कि आरोपी को शक था कि पीड़ित का उसकी भाभी के साथ संबंध है और इसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था. पुलिस के मुताबिक, गुरुवार की शाम आरोपी केशव कुमार ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वंश ढेढा का पीछा किया और ज्ञान वाटिका स्कूल के पास धारदार हथियार से उस पर कई बार हमला किया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
12 सितंबर की शाम 7:54 बजे चाकू मारने की घटना के बारे में PCR कॉल मिलने के बाद ढेढा को एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि केशव को ढेढा पर शक था उसकी भाभी के साथ मृतक का संबंध है. फिलहाल, पुलिस हत्या के पीछे की वजह और हालात की जांच कर रही है. साथ ही उन लोगों के बारे में भी पता लगाने की कोशिश कर रही है जो इस घटना में शामिल थे.
जांच के दौरान करावल नगर के रहने वाले केशव को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, घटना के समय उसने जो कपड़े पहने थे और आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद कर लिया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि हमलावर की पहचान कर ली गई है और पकड़ने की कोशिशें जारी है.
11 साल पहले हो गई थी पिता की मौत
वहीं, वंश ढेढा के परिजनों ने बताया कि वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. उसके पिता की मौत करीब 11 साल पहले हो गई थी और उसने 12वीं क्लास के बाद पढ़ाई छोड़ी दी थी. इसके बाद वह बिल्डर के पास काम करने लगा और अपनी कमाई से अपनी मां, छोटे भाई और तीन बहनों का भरण पोषण कर रहा था. परिजनों ने आगे बताया कि ढेढा अपनी बहनों की पढ़ाई का खर्च भी उठा रहा था और अपनी सबसे बड़ी बहन की शादी की व्यवस्था भी कर रहा था. अधिकारियों ने बताया कि मंडावली पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस घटनाओं के क्रम का पता लगाने की कोशिश कर रही है. मुख्य आरोपी के अलावा दूसरे लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी की जांच कर रही है और तकनीकी निगरानी का विश्लेषण कर रही है.
खेत से घर लौट रही 70 वर्षीय महिला को बनाया निशाना! गला दबाकर यौन उत्पीड़न का आरोप, भागा आरोपी
News Source: PTI
