Lucknow Cold Storage Fire: बीते कई दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में आग की कई बड़ी घटनाएं देखी गई हैं. इनमें 50 से अधिक लोगों की जानें भी जा चुकी हैं. हाल ही में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अलीगंज इलाके की एक तीन मंजिल बिल्डिंग में आग लग गई थी. इसमें करीब 15 लोगों की मौत हुई थी. इसकी अभी जांच चल ही रही थी कि राजधानी लखनऊ में एक और आग की घटना सामने आ गई.
जी हां, मिली जानकारी के मुताबिक, यूपी की राजधानी लखनऊ में एक कोल्ड स्टोरेज में आग लग गई. यह घटना आज रविवार सुबह की है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
आग की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियां
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, रविवार 28 जून को सुबह में लखनऊ के चिनहट इलाके में एक कोल्ड स्टोरेज यूनिट में आग लग गई. आग लगते ही धुंए का गुबार आसमान में दिखने लगा. इससे आसपास के लोगों में हलचल दिखने लगी और मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई.
इस बीच स्थानीय लोगों के द्वारा आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. दमकलकर्मियों ने स्थानीय पुलिस की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया.
कोई हताहत नहीं हुआ है- अधिकारी
वहीं, चिनहट स्टेशन हाउस ऑफिसर दिनेश चंद्र मिश्रा ने पीटीआई को बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है. उन्होंने बताया, “कोई हताहत नहीं हुआ है और कोई घायल नहीं हुआ है. दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थानीय पुलिस उनकी सहायता कर रही है.”
अधिकारियों के अनुसार, हाइड्रोलिक मशीनों की सहायता से अग्निशमन अभियान जारी रहा. अधिकारियों ने बताया कि परिसर के अंदर किसी के फंसे न रहने की भी पूरी कोशिश की गई. आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. मामले में चिनहट पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं की छानबीन कर रही है.
तीन मंजिला कोचिंग सेंटर में लगी थी आग
बता दें कि यह घटना लखनऊ के अलीगंज इलाके में लगी भीषण आग के एक सप्ताह से भी कम समय बाद हुई है, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई थी. बीते दिनों लखनऊ में दोपहर को एक तीन मंजिला कोचिंग सेंटर में भयंकर आग लग गई थी. इस हादसे में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसमें कई छात्र भी थे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि फायर डिपार्टमेंट को अलीगंज पुलिस स्टेशन के तहत उषा मेहता मार्ग पर मौजूद एक कोचिंग इंस्टीट्यूट से दोपहर करीब 3 बजे आग लगने की जानकारी मिली थी. आग पर काबू पाने के लिए एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म गाड़ी समेत 14 फायर टेंडर लगाए गए थे. आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन 15 मौतों ने सभी को झकझोर कर रख दिया था.
इस घटना का जायजा लेने के लिए मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री (स्थानीय सांसद) राजनाथ सिंह भी पहुंचे थे. मामले में कई लोगों की गिरफ्तारियां भी हुई हैं और जांच जारी है.
लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 15 लोगों की मौत, बिल्डिंग में फंसे छात्र
News Source: PTI
