AMC Action: मानसून के बीच अहमदाबाद में मच्छर जनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए अहमदाबाद नगर निगम (AMC) के हेल्थ डिपार्टमेंट ने अब व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है. दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में AMC की टीमों ने शहर की 952 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की. जांच के दौरान 171 जगहों पर मच्छरों की ब्रीडिंग मिलने के बाद निगम ने कार्रवाई करते हुए 303 प्रतिष्ठानोंको नोटिस जारी किया. इसके साथ ही AMC ने कुल 5 लाख 57 हजार 400 रुपये का चार्ज वसूला, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाली एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान को सील भी किया गया.
एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान सील
मानसून के दौरान शहर में अलग-अलग जगहों पर बारिश का पानी जमा होने से मच्छरों को पनपने के लिए अनुकूल वातावरण मिल रहा है. इसी को देखते हुए AMC के हेल्थ डिपार्टमेंट ने अलग-अलग जोन में विशेष टीमों को सक्रिय किया है. इन टीमों ने कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, शॉपिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच की. AMC के विशेष अभियान के तहत शहर के सभी प्रमुख जोन में एक साथ चेकिंग की गई. दो दिनों में कुल 952 कमर्शियल यूनिट्स की जांच हुई. इनमें से 171 यूनिट्स में मच्छरों की ब्रीडिंग पाई गई. जांच के दौरान लापरवाही सामने आने पर कुल 303 नोटिस जारी किए गए. निगम ने कार्रवाई को सिर्फ नोटिस तक सीमित नहीं रखा. नियमों का उल्लंघन करने वाली यूनिट्स से कुल 5,57,400 रुपए का चार्ज वसूला गया. वहीं, गंभीर लापरवाही के मामले में एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान को सील भी किया गया.
पैलेडियम मॉल पर 75 हजार जुर्माना
सबसे ज्यादा चेकिंग पूर्व जोन में की गई. यहां 280 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच हुई. इसके बाद पश्चिम जोन में 196, दक्षिण जोन में 178 और उत्तर-पश्चिम जोन में 93 यूनिट्स की जांच की गई.वहीं मध्य जोन में 94, उत्तर जोन में 74 और दक्षिण-पश्चिम जोन में 37 कमर्शियल यूनिट्स को चेक किया गया. AMC की टीमों ने छोटे-बड़े कमर्शियल परिसरों के साथ अहमदाबाद के प्रमुख पैलेडियम मॉल में भी जांच की. AMC के मुताबिक यहां डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की ब्रीडिंग सामने आई. इसके बाद हेल्थ डिपार्टमेंट ने पैलेडियम मॉल को नोटिस जारी किया और 75 हजार रुपये का प्रशासनिक चार्ज लगाया. AMC का अभियान केवल कमर्शियल यूनिट्स तक सीमित नहीं है. हेल्थ डिपार्टमेंट की टीमें सरकारी कार्यालयों, पब्लिक हेल्थ सेंटर और रिहायशी परिसरों में भी जांच कर रही हैं.
कई इलाकों में हुई जांच
निगम की टीमों को कई जगहों पर बारिश का पानी जमा मिला. जांच के दौरान टेरेस पर पड़ा कबाड़, फूल-पौधों के गमले, खुली पानी की टंकियां, ओवरहेड और अंडरग्राउंड टैंक, स्क्रैप मटेरियल, बाल्टी, पुराने टायर और दूसरे ऐसे सामान मिले, जिनमें बारिश का पानी जमा होकर मच्छरों की ब्रीडिंग हो सकती है. AMC की टीमों ने शाहीबाग, निकोल, मणिनगर, चांदखेड़ा, गोता, बोडकदेव, साबरमती, रामोल, जोधपुर, नरखेज और बहेरामपुरा समेत कई इलाकों में भी कार्रवाई की. AMC ने गंभीर लापरवाही के मामलों में सख्ती का संकेत देते हुए वस्त्राल स्थित मेट्रो शॉपिंग सेंटर को सील भी किया है. निगम का कहना है कि मच्छरों की ब्रीडिंग को रोकने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
