Crude Oil Theft: राजस्थान के बालोतरा जिले में HPCL की क्रूड ऑयल पाइप लाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का गुजरात ATS और राजस्थान पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में गुजरात और राजस्थान समेत अलग-अलग राज्यों से जुड़े 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी पाइप लाइन में पंचर कर वाल्व लगाकर क्रूड ऑयल चोरी करते थे. चोरी किए गए तेल को गुजरात में अहमदाबाद-राजकोट हाईवे के आसपास बेचने की साजिश रच रहे थे.
अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेचते थे तेल
गुजरात ATS ने बताया कि देशभर में सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही थी. इसी दौरान ATS के डिप्टी एसपी एसएल चौधरी को सूचना मिली कि गुजरात और राजस्थान के कुछ लोग मिलकर राजस्थान के बालोतरा जिले में खराबा जमीन से गुजर रही हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी HPCL की क्रूड ऑयल पाइपलाइन को निशाना बना रहे हैं. बताया गया कि गिरोह के सदस्य पाइपलाइन में अवैध तरीके से पंचर कर उसमें वाल्व लगाकर क्रूड ऑयल निकाल रहे थे. इसके बाद चोरी किए गए क्रूड ऑयल को गुजरात लाकर अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेचने की योजना बनाई गई थी.
सूचना पर ATS टीम ने अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर कुआडवा के पास सोखड़ा गांव जाने वाले रास्ते पर छापा मारा. यहां एक व्यक्ति को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 35(1) के तहत हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह तेल राजस्थान के बालोतरा जिले के कालुड़ी गांव से लाया गया था. इसके बाद ATS टीम ने साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की. ATS की टीम ने राजस्थान में टापरा के पास एक ढाबे से सात अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया.
करीब 4 फीट गड्ढा खोजकर पाइप लाइन तक पहुंचे
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदर तहसील के कालुड़ी गांव की सीमा में खराबा जमीन पर करीब 3 से 4 फीट गहरा गड्ढा खोदा था. इसी गड्ढे के जरिए HPCL की क्रूड ऑयल पाइप लाइन तक पहुंच बनाई गई और पाइप लाइन में अवैध पंचर कर वाल्व लगाया गया था. इस मामले में राजस्थान के जासोल पुलिस थाने में गुजरात रजिस्टर नंबर 0141/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मामले में सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से जुड़े लोग शामिल हैं.
- घनश्याम नवनचंद्र सोनी, उम्र 54 वर्ष, निवासी नागलपुर, महेसाणा, गुजरात.
- जयाराजसिंह भरतसिंह चुडासमा, उम्र 34 वर्ष, निवासी धोराजी, राजकोट, गुजरात.
- मुकेश कुमार शंकरलाल मघेवाल, उम्र 44 वर्ष, निवासी जसवंतपुरा, जालोर, राजस्थान; वर्तमान पता बापूनगर, अहमदाबाद, गुजरात.
- रणजीत रामधनी चोरसिया, उम्र 48 वर्ष, निवासी कलोल, गांधीनगर, गुजरात.
- रमेश प्रह्लादजी ठाकुर, उम्र 41 वर्ष, निवासी चालासण, महेसाणा, गुजरात.
- सुरेजी भोपाजी ठाकुर, उम्र 32 वर्ष, निवासी जोटाणा, महेसाणा, गुजरात.
- महेश बाबूजी ठाकुर, उम्र 32 वर्ष, निवासी चालासण, महेसाणा, गुजरात.
- दिलीप ओमप्रकाश यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी असपुर, इटावा, उत्तर प्रदेश.
फिलहाल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है. ATS और राजस्थान पुलिस इस बात की जांच कर रही हैं कि पाइपलाइन में सेंधमारी कब से की जा रही थी, चोरी किए गए क्रूड ऑयल की मात्रा कितनी थी, इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
मोबाइल चोरी के शक में युवक का मुंडवाया सिर, गले में चप्पलों की माला डाल पूरे गांव में घुमाया
