Pakistan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान काफी लंबे से जेल में बंद हैं. उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थक लगातार उनकी रिहाई की मांग कर रहे हैं. लंबे समय से जेल में बंद इमरान के समर्थकों का कहना है कि जनता का गुस्सा कभी भी फूट सकता है. अगर ऐसा हो गया तो शहबाज सरकार शांति कायम करने में नाकाम हो जाएगी. इसी बीच खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने कहा कि मैं युवाओं की आंखों में क्रांति की चिंगारी देख सकता हूं और कोई भी इसे रोक नहीं पाएगा.
समर्थकों को नहीं मिलने दिया जा रहा
जेल में बंद इमरान खान से उनके समर्थकों को भी मिलने नहीं दिया जा रहा है. इस पर सोहेल अफरीदी ने कहा कि अगर खान से पार्टी के सहयोगियों को नहीं मिलने दिया गया तो देश में एक बड़ा आंदोलन होगा. PTI ने बार-बार आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने उन्हें परिवार के सदस्यों और सहयोगियों से मिलने नहीं दिया. साथ ही स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे इमरान को इलाज के लिए अस्पताल में भी भर्ती नहीं करवा रहे हैं. बता दें कि क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान साल 2023 से पाकिस्तान की अदियाला जेल में बंद हैं और उन पर कई मामले चल रहे हैं.
बड़े पैमाने पर होगा देश में विरोध प्रदर्शन
इससे पहले भी अफरीदी ने कहा था कि PTI के सांसद गुरुवार को जेल जाएंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मिलने की इजाजत नहीं दी गई तो पूरा पाकिस्तान बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन देखेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि इमरान खान को मनगढ़ंत मामलों में गलत तरीके से जेल में डाला गया है. उन्होंने जिम्मेदार लोगों को चेतावनी दी कि जब उनकी बारी आएगी तो उन्हें भी इसके नतीजे भुगतने पड़ेंगे. इसके अलावा न्यायापालिका पर टिप्पणी करते हुए अफरीदी ने कहा कि अगर एक भी जज न्याय के लिए खड़ा होता है तो इससे दूसरे जजों को भी हौसला मिलेगा.
नहीं होगी कोई भी राजनीतिक बातचीत
हालांकि, अफरीदी ने अधिकारियों को यह भी भरोसा दिलाया था कि इमरान खान से किसी भी प्रकार की राजनीतिक बातचीत नहीं होगी. उन्होंने सरकार से इस भरोसे को देते हुए मिलने की इजाजत मांगी थी. उनका कहना था कि इमरान खान को बेहतर इलाज मिलना चाहिए, क्योंकि वह देश के पूर्व प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं. पार्टी काफी लंबे समय से आरोप लगाती आ रही है कि पार्टी के किसी भी नेता को इमरान से मिलने नहीं दिया जा रहा है. अब यही विवाद सुप्रीम कोर्ट के मैन गेट के बाहर तक पहुंच गया है.
रूसी हमले में 9 यूक्रेनी नागरिक की मौत! जेलेंस्की बोले- उत्तर कोरिया कर रहा है मास्को की मदद
News Source: PTI
