Haryana Crime News: हरियाणा के अंबाला से एक होश को उड़ा देने वाली घटना की खबर सामने आई है. यहां मिट्टी के पैसों के विवाद ने रिश्ते को तार-तार कर दिया. केवल 22 साल के एक युवक ने इस मामले में अपनी 95 वर्षीय दादी, चाचा और बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया. यह घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है. वहीं, वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर.
दादी के साथ चाचा और बड़े भाई को भी मारी गोली
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा पुलिस ने रविवार को बताया कि प्रदेश के अंबाला जिले के बिछपारी गांव में पैतृक संपत्ति और पैसे को लेकर विवाद हुआ. इसमें एक व्यक्ति ने अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी.परिवार में कहासुनी होने के बाद 22 वर्षीय आरोपी अभिषेक ने सबसे पहले अपनी 95 वर्षीय दादी इसरो देवी को गोली मारी. जब उसके बड़े भाई संदीप कुमार और चाचा महिंदर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसने उन पर भी गोली चला दी.
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम की इस घटना में आरोपी की दादी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसके चाचा और बड़े भाई ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. जानकारी के अनुसार, इस घटना में अभिषेक की चाची को भी गोली लगी है. उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में भर्ती कराया गया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपी अभिषेक अपने परिवार के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद में उलझा हुआ था. आरोपी पंचकुला में फार्मेसी का छात्र भी है.
मिट्टी के पैसों का विवाद
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अभिषेक की दादी इसरो देवी के दो बेटे हैं, सतबीर सिंह और महिंदर पाल, जो अलग रहते हैं. महिंदर की अपनी कोई संतान नहीं है; इसलिए सतबीर का बड़ा बेटा संदीप (40) उसकी देखभाल करता है. वहीं, छोटा बेटा अभिषेक सतबीर के साथ रहता है. सतबीर के दो बेटों – अभिषेक और संदीप के बीच उनकी जमीन पर मिट्टी खनन के अनुबंध और कुछ पैसों के मामलों को लेकर विवाद चल रहा था.
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम को जब अभिषेक घर लौटा तो परिवार में कहासुनी हो गई. कहासुनी इतनी हिंसक हो गई कि गुस्से में आकर अभिषेक ने अपनी दादी इसरो देवी को गोली मार दी, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद उसने अपने बड़े भाई, चाचा और चाची पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिन्होंने विवाद में बीच-बचाव करने और सुलह कराने का प्रयास किया था. आरोपी के भाई और चाचा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि चाची की हालत गंभीर बनी हुई है.
गोली मारने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस प्रशासन ने शवों को अपने कब्जे में लिया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी कर रही है.
दिल्ली में 60 साल के चौकीदार की बेरहमी से हत्या, SUV ड्राइवर ने दो बार गाड़ी से कुचला
News Source: PTI
