K Annamalai Challenges: तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने पिछले छह साल की बीजेपी के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा पर विराम लगा दिया. उन्होंने शुक्रवार को पार्टी छोड़ दी. यह इस्तीफा कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि इसके पीछे महीनों से चल रहे मतभेद हैं. इसी के साथ 42 साल के युवा नेता ने नए राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत की है, जो आगे चलकर राजनीतिक दल का रूप लेगा. उन्होंने ऐलान किया है कि वे अगले विधानसभा चुनाव में अपनी नई पार्टी के साथ चुनाव लड़ेंगे.
अन्नामलाई ने अपनी संस्था ‘वी द लीडर्स’ का विस्तार करने का ऐलान किया और कहा कि वह एक नई पॉलिटिकल यात्रा शुरू कर रहे हैं, जिसका मकसद “आम आदमी की राजनीति” लाना है, जो पारंपरिक पॉलिटिक्स को खत्म करेगी और वंशवाद वाली राजनीति से दूर रहेगी. ऐसे नए पॉलिटिकल मूवमेंट की जरूरत पर जोर देते हुए, उन्होंने कहा कि यह किसी नाम के बारे में नहीं, बल्कि एक विचार के बारे में होगा. उन्होंने यह भी कहा कि वे दुविधा में फंस गए थे कि वह बीजेपी मेंबर बनकर रहें या एक तमिलियन बनकर रहें. इसके पीछे उनकी पार्टी से कई मुद्दों पर अहसमति है. चलिए जानते हैं कि वे किन मुद्दों पर पार्टी से असहमत थे, उनका आगे का विजन क्या है और अपनी अगली राजनीतिक पारी में उन्हें किन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा.
पहले जानें कौन हैं अन्नामलाई
के अन्नामलाई का जन्म तमिलनाडु के करूर जिले में हुआ. वे 2011 बैच के कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी रहे हैं. पुलिस सेवा के दौरान अपने एक्शन के कारण उन्हें सिंघम कहा जाता है. उन्होंने जनता की सेवा करने और सिस्टम को बेहतर बनाने के मकसद से मई 2019 में पुलिस सर्विस से इस्तीफा दे दिया और अगस्त 2020 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. सिर्फ़ एक साल के अंदर, जुलाई 2021 में, उन्हें तमिलनाडु BJP का सबसे कम उम्र का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया. प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने राज्य में अग्रेसिव पॉलिटिक्स में हिस्सा लिया और “एन मन, एन मक्कल” (मेरी जमीन, मेरे लोग) पदयात्रा के जरिए तमिलनाडु में BJP के वोट बैंक और पॉपुलैरिटी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने 2021 का विधानसभा चुनाव अरावाकुरिची से और 2024 का लोकसभा इलेक्शन कोयंबटूर से लड़ा, हालांकि वह दोनों हार गए. 2021 से 2025 तक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर, उन्होंने कई स्टेटवाइड कैंपेन लीड किए और यंग वोटर्स और सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बीच एक मजबूत सपोर्ट बेस बनाया. अब, उन्होंने BJP से सम्मानजनक विदाई ले ली है.

‘आम आदमी की राजनीति’ लाने का मकसद
पूर्व IPS ऑफिसर ने अपने सोशल मीडिया एड्रेस में अपने विजन के बारे में बताते हुए कहा, “आइए हम खुद को बदलें और बदलाव अपने आप होगा. मूवमेंट का मुख्य सिद्धांत है आइए बदलें, आइए बदलाव लाएं (मरुवोम, मातृवोम). अन्नामलाई ने कहा कि वह पारंपरिक पॉलिटिक्स के बजाय एक “आम आदमी” की पॉलिटिक्स लाएंगे जो लोगों की जरूरतों को प्राथमिकता देगी. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनका आंदोलन मौजूदा पार्टियों से मुकाबला नहीं कर रहा है. उन्होंने अपने भाषण में कहा, “हम यहां किसी से मुकाबला करने नहीं आए हैं. रूलिंग पार्टी और अपोजिशन पार्टियों को रहने दें.
अन्नामलाई ने आगे कहा कि उनका फैसला पार्टी के सीनियर लीडर्स के साथ सीधी बातचीत के बाद आपसी सहमति से लिया गया. अन्नामलाई ने कहा कि राज्य स्तर पर उनके मतभेद थे, उन्होंने शाह समेत BJP लीडरशिप को 18 महीने पहले, खासकर 4 दिसंबर, 2024 को पार्टी छोड़ने के अपने इरादे के बारे में बता दिया था. पार्टी ने मुझसे विधानसभा चुनाव तक रुकने को कहा. उन्होंने कहा, यह मेरे लिए दुविधा थी कि मैं BJP का आदमी हूं या तमिलियन.” उन्होंने दावा किया कि सीनियर नेताओं के साथ बातचीत के बाद, वह इस नतीजे पर पहुंचे कि तमिलनाडु के बारे में पार्टी और उनके विचार एक जैसे नहीं हैं.
पार्टी मेंबर्स पर लागू करेंगे टर्म लिमिट
उन्होंने नए वॉलंटियर्स से जुड़ने के लिए wetheleader.org नाम का एक ऑर्गनाइजेशन शुरू करने का ऐलान किया. मूवमेंट में शामिल होने वाले मेंबर्स को “APJ अब्दुल कलाम एथिक्स इन पॉलिटिक्स” नाम के ऑर्गनाइजेशन के जरिए पॉलिटिकल और एथिकल लीडरशिप की ट्रेनिंग मिलेगी. उन्होंने अपनी आने वाली पार्टी के फ्रेमवर्क में चुने हुए रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए सख्त टर्म लिमिट्स लाने के का प्रस्ताव रखा, जिसमें चीफ मिनिस्टर ऑफिस से फोकस हटाकर 30,000 से ज़्यादा लोकल बॉडी रिप्रेजेंटेटिव्स को मजबूत किया जाएगा. एक व्यक्ति के MLA या MP के तौर पर काम करने पर टर्म लिमिट लगाई जाएगी.

अन्नामलाई ने ज़ोर देकर कहा, “कोई भी कुर्सी किसी के लिए परमानेंट नहीं है. यह सब पर लागू होगी, यह मुझ पर भी लागू होगी.” उन्होंने अपने फॉलोअर्स से ऑनलाइन बहुत जिम्मेदार रहने, गाली-गलौज से बचने और पॉलिटिकल विरोधियों पर गुस्सा निकालने से बचने की अपील की.
क्यों बीजेपी से नाराज थे बीजेपी
के. अन्नामलाई BJP की केंद्रीय सरकार के कुछ फैसलों से पूरी तरह सहमत नहीं थे और नाखुश थे. उनकी सबसे बड़ी चिंता तमिलनाडु में AIADMK के साथ फिर से गठबंधन करना था. वह चाहते थे कि BJP राज्य में अकेले चुनाव लड़े और द्रविड़ पार्टियों पर निर्भर रहने के बजाय अपना अकेले अपना आधार मजबूत करे. जयललिता पर किए गए कमेंट के कारण पहले ही उनके रिश्ते AIADMK के साथ अच्छे नहीं थे. जब BJP ने फिर से गठबंधन किया, तो वह इसके सख्त खिलाफ थे.
अप्रैल 2025 में, BJP ने अन्नामलाई को हटाकर नैनार नागेंद्रन को तमिलनाडु BJP का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, यह कदम AIADMK को खुश करने और गठबंधन को आसान बनाने के लिए उठाया गया था, जिससे अन्नामलाई और उनके खेमे को बहुत दुख हुआ. अप्रैल 2025 में उनके इस्तीफे के बाद से, पार्टी ने उन्हें लगभग एक साल तक कोई बड़ी या अहम जिम्मेदारी नहीं दी थी. यहां तक कि वह 2026 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी ज्यादा एक्टिव नहीं दिखे.
उनका मानना था कि गठबंधन में बीजेपी को सही सम्मान नहीं दिया गया और पार्टी को कमजोर सीटें दी गईं. उन्होंने इस बारे में पार्टी लीडरशिप को एक पत्र भी लिखा, जिसमें उन्होंने चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा नहीं जताई. उन्हें लगा कि बीजेपी के मौजूदा ढांचे में उनकी अहमियत कम होती जा रही है. अन्नामलाई तमिलनाडु की क्षेत्रीय विचारधारा, भाषा और संस्कृति को लेकर BJP की कुछ केंद्रीय नीतियों से सहमत नहीं थे. हाल ही में, उन्होंने तीन-भाषा पॉलिसी का खुलकर विरोध किया, जिससे पार्टी हाईकमान के साथ उनकी नाराजगी साफ दिखी.

अन्नामलाई के सामने चुनौतियां
अन्नामलाई ने आज बीजेपी का दामन छोड़ तो दिया है, लेकिन तमिलनाडु में शून्य से अपना संगठन खड़ा करना उनके लिए आसान नहीं होगा. एक पूर्व IPS अधिकारी और BJP के पूर्व राज्य अध्यक्ष के तौर पर, उन्होंने तमिलनाडु की राजनीति में अपनी एक अलग पहचान बनाई है. उनकी साफ-सुथरी छवि, आक्रामक अंदाज और युवाओं के बीच बढ़ती लोकप्रियता उन्हें एक मजबूत नेता के तौर पर स्थापित करती है. हालांकि, उनका पिछला ट्रैक रिकॉर्ड चुनावी सफलता से दूर रहा. उनके सामने अपनी लोकप्रियता को राजनीतिक सफलता में बदलने की बड़ी चुनौती है.
जीत हासिल करने की चुनौती: सबसे बड़ी चुनौती चुनावी सफलता हासिल करना है. हालांकि अन्नामलाई ने पिछले कुछ सालों में तमिलनाडु में BJP को चर्चा में ला दिया है, लेकिन इससे कोई बड़ा चुनावी फायदा नहीं हुआ है; पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में उम्मीद के मुताबिक नतीजे हासिल करने में नाकाम रही. समर्थकों का मानना है कि उन्होंने BJP का वोट शेयर बढ़ाया और पार्टी में नई ऊर्जा भरी, लेकिन राजनीति में जीत और हार ही असल पैमाना होती है. इसलिए, उन्हें यह साबित करना होगा कि वह लोकप्रियता को वोटों में बदल सकते हैं.
बीजेपी की बी पार्टी बनने का आरोप: दूसरी बड़ी चुनौती BJP के साथ उनके जुड़ाव से जुड़ी है. भले ही वह कोई नया राजनीतिक मंच या आंदोलन शुरू करें, लेकिन BJP के चेहरे के तौर पर उनकी पुरानी पहचान उनसे हमेशा जुड़ी रहेगी, जिसका मतलब है कि जनता उन्हें उसी पार्टी से जोड़कर देखेगी. विपक्षी पार्टियां शायद यह नैरेटिव बनाएं कि उनका नया अभियान BJP या RSS की सोची-समझी रणनीति का ही हिस्सा है. अगर यह नैरेटिव बन जाता है, तो उन वोटरों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है जो BJP की राजनीति से दूरी बनाए रखना पसंद करते हैं. हालांकि अगर वे बीजेपी की नीतियों का लगातार विरोध करते हैं, तो नैरेटिव बदल सकता है.

वैचारिक स्पष्टता: तीसरी चुनौती वैचारिक स्पष्टता से जुड़ी है. अन्नामलाई ने राजनीति में नैतिकता, पारदर्शिता और युवा राजनीति को बढ़ावा देने और वंशवाद का खत्म करना जैसी बात की है, लेकिन उन्होंने अभी तक आर्थिक, सामाजिक और क्षेत्रीय मुद्दों पर अपना रुख साफ नहीं किया है. लंबे समय तक किसी राजनीतिक आंदोलन को बनाए रखने के लिए न सिर्फ मजबूत व्यक्तित्व, बल्कि स्पष्ट विचारधारा की भी जरूरत होती है. जनता को तमिलनाडु के विकास, सामाजिक न्याय, रोजगार और अन्य अहम मुद्दों पर उनकी राय जाननी और समझनी होगी.
एक और चुनौती संसाधन और राजनीतिक सहयोगी जुटाने की है. बिल्कुल नए सिरे से एक मजबूत संगठन खड़ा करना कोई आसान काम नहीं है. बड़ी पार्टियों के पास मजबूत फंडिंग, अनुभवी नेता और बड़े नेटवर्क होते हैं. राजनीतिक इतिहास बताता है कि नई पार्टियां बनाना तो मुमकिन है, लेकिन उन्हें जमीनी स्तर पर मजबूत करना बहुत मुश्किल काम है. अन्नामलाई को ऐसा संगठन बनाना होगा जो गांव और जिले के स्तर तक पहुंचे, स्थानीय नेताओं को आगे लाए, पार्टी कार्यकर्ताओं की लंबे समय तक भागीदारी सुनिश्चित करे और सबसे जरूरी जनता का भरोसा जीते.
एक नई राजनीतिक ताकत के तौर पर, अन्नामलाई को आर्थिक संसाधन जुटाने और भरोसेमंद सहयोगियों की टीम बनाने में समय लग सकता है. हालांकि उनके लिए यह अच्छा समय भी साबित हो सकता है, क्योंकि इस बार के विधानसभा चुनाव में टीवीके की जीत ने यह साफ कर दिया है कि अब जनता पुरानी द्रविड़ राजनीति के बजाय एक नया विकल्प चाहती है. कुल मिलाकर, भले ही अन्नामलाई के पास नई शुरुआत करने का अच्छा मौका है, लेकिन सफलता का रास्ता बड़ी चुनौतियों से भरा है.
