Farmer Protest: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर! मूंग खरीदी और ई-टोकन सिस्टम सहित कई मांगों को लेकर सडक़ पर उतरे किसानों का प्रदर्शन बुधवार को तीसरे दिन बेहद उग्र हो गया है. सीएम हाउस का घेराव करने निकले गुस्साए किसानों ने पुलिस की 3 लेयर बैरिकेडिंग को ध्वस्त कर दिया है. हालात इतने बेकाबू हैं कि किसानों को रोकने के लिए सडक़ पर खड़ी की गई बसों के शीशे तक तोड़ दिए गए हैं. किसान अब आखिरी बैरिकेडिंग तोडक़र सीधे सीएम हाउस की ओर बढऩे की कोशिश कर रहे हैं.
सरकारी बसों पर निकाला अपना गुस्सा
भोपाल की सडक़ों पर आज आक्रोश का सैलाब है. अर्धनग्न होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते ये किसान अब रुकने के मूड में नहीं हैं. पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे, सुरक्षा की कई परतें बनाई थीं, लेकिन उग्र किसानों के आगे हर इंतजाम धरा का धरा रह गया. इससे पहले कई किसान पहली बैरिकेडिंग पर चढ़ गए थे, जिन्हें पुलिस प्रशासनिक समझाइश देकर नीचे उतारती नजर आई. लेकिन थोड़ी ही देर बाद माहौल फिर गरमा गया. प्रदर्शनकारियों ने राह में खड़ी की गई सरकारी बसों पर अपना गुस्सा निकाला और शीशे चकनाचूर कर दिए.
पुलिस और किसानों के बीच टकराव
पुलिस और किसानों के बीच सीधा टकराव चल रहा है. लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. रातभर सडक़ पर गुजारने के बाद सुबह यहीं दाल-बाटी बनाकर खाने वाले किसानों का धैर्य अब जवाब दे चुका है. मूंग खरीदी में आ रही परेशानियों से नाराज ये किसान अब किसी भी कीमत पर सीएम हाउस तक पहुंचना चाहते हैं. प्रशासन लगातार अपील कर रहा है, लेकिन बैरिकेड्स तोड़े जा चुके हैं और माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है.
ई-टोकन के नाम पर किसानों का शोषण
किसानों का कहना है कि हम तीन दिन से सडक़ पर पड़े हैं, सडक़ पर ही खाना बना रहे हैं, सो रहे हैं, लेकिन सरकार हमारी बात सुनने को तैयार नहीं है. ई.टोकन के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है. जब तक एमएसपी की गारंटी और मूंग खरीदी की मांगें पूरी नहीं होंगी, हम पीछे नहीं हटेंगे, चाहे जितने बैरिकेड्स लगा लो. फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और आला अधिकारी स्थिति को संभालने की कोशिश में जुटे हैं. देखना होगा कि प्रशासन किसानों को सीएम हाउस पहुंचने से रोक पाता है या बातचीत का कोई रास्ता निकलता है.
360 गवाह, 422 दस्तावेज और 13 आरोपी.., CBI ने NEET पेपर लीक मामले में फाइल की चार्जशीट
