Home Latest News & Updates मध्य भारत का नया कनेक्टिविटी हब बनेगा विदिशा, तेजी से तैयार हो रहा अत्याधुनिक ट्रंपेट इंटरचेंज सड़क

मध्य भारत का नया कनेक्टिविटी हब बनेगा विदिशा, तेजी से तैयार हो रहा अत्याधुनिक ट्रंपेट इंटरचेंज सड़क

by Nitin Thakur 25 June 2026, 2:50 PM IST (Updated 25 June 2026, 2:51 PM IST)
25 June 2026, 2:50 PM IST (Updated 25 June 2026, 2:51 PM IST)
मध्य भारत का नया कनेक्टिविटी हब बनेगा विदिशा, तेजी से तैयार हो रहा अत्याधुनिक ट्रंपेट इंटरचेंज सड़क

MP News: मध्य प्रदेश के केंद्र में स्थित विदिशा जिला आने वाले समय में पूरे मध्य भारत के लिए कनेक्टिविटी का एक बड़ा हब बनने जा रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-346 के विदिशा-अशोकनगर खंड पर एक अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय ट्रंपेट इंटरचेंज का निर्माण किया जा रहा है, जो तेजी से आकार ले रहा है. यह परियोजना केवल एक आधुनिक सडक़ संरचना नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश में उन्नत सडक़ अभियांत्रिकी का एक उत्कृष्ट उदाहरण है.

सफर होगा आसान और सुरक्षित

इसके पूरी तरह तैयार होने के बाद विदिशा, भोपाल, सागर, अशोकनगर, गुना और रायसेन के बीच आवागमन बेहद सुगम, सुरक्षित और समय बचाने वाला हो जाएगा. विदिशा प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट के परियोजना निदेशक सिद्धांत सिंघई के अनुसार यह इंटरचेंज आधुनिक सडक़ डिजाइन और सुरक्षित यातायात प्रबंधन की एक उन्नत तकनीक है. यह एक विशेष प्रकार का ग्रेड-सेपरेटेड जंक्शन होता है. इसे इस तरह डिजाइन किया जाता है कि अलग-अलग दिशाओं से आने वाली गाडिय़ां बिना किसी ट्रैफिक सिग्नल के बिना रुके और बिना किसी दुर्घटना के खतरे के अपनी दिशा में आगे बढ़ सकें. चूंकि इसकी बनावट संगीत के वाद्य यंत्र ट्रंपेट (तुरही) जैसी होती है, इसलिए इसे ट्रंपेट इंटरचेंज कहा जाता है.

सामरिक रूप से महत्वपूर्ण है विदिशा की भौगोलिक स्थिति

मध्य प्रदेश के नक्शे में विदिशा की रणनीतिक भूमिका बेहद खास है. राजधानी भोपाल, बुंदेलखंड के प्रमुख केंद्र सागर और ग्वालियर अंचल की ओर जाने वाले गुना-अशोकनगर मार्गों के ठीक बीच में होने के कारण विदिशा से रोज हजारों वाहन गुजरते हैं. इस इंटरचेंज के बनने से लंबी दूरी के यात्रियों को बिना किसी रुकावट के तेज और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा.

खेती-किसानी और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार

इस बड़े प्रोजेक्ट का सबसे ज्यादा फायदा क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मिलने वाला है. विदिशा, अशोकनगर और गुना जिले प्रदेश के सबसे बड़े गेहूं उत्पादक क्षेत्रों में गिने जाते हैं. बेहतर और निर्बाध सडक़ नेटवर्क मिलने से किसान और व्यापारी अपनी उपज जैसे शरबती गेहूं और दलहन को मंडियों, बड़े बाजारों, कोल्ड स्टोरेज और प्रोसेसिंग यूनिट्स तक बेहद कम समय में पहुंचा सकेंगे. इससे मालभाड़े में कमी आएगी और किसानों को अपनी फसल बेचने के बेहतर अवसर मिलेंगे.

हादसों पर लगाम, ईंधन और पर्यावरण की होगी बचत

पारंपरिक चौराहों या तिराहों पर अक्सर गाडिय़ां आमने-सामने आ जाती हैं या एक-दूसरे का रास्ता काटती हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है. लेकिन ट्रंपेट इंटरचेंज की विशेष रैंप आधारित संरचना ऐसे एक्सीडेंट पॉइंट्स को पूरी तरह खत्म कर देगी. इसके अलावा गाडिय़ों को बार-बार रुकना और गियर नहीं बदलना पड़ेगा, जिससे रोजाना हजारों लीटर ईंधन की बचत होगी और कार्बन उत्सर्जन कम होने से पर्यावरण को भी लाभ पहुंचेगा. एनएचएआई के अधिकारियों का मानना है कि यह प्रोजेक्ट आगामी वर्षों में मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के लिए एक लाइफलाइन साबित होगा और विकसित भारत के संकल्प में मील का पत्थर बनेगा.

गेहूं खरीद में मध्य प्रदेश देश में नंबर-1, रिकॉर्ड 14 लाख किसानों से खरीदा 1.04 करोड़ मीट्रिक टन गेहूं

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?