Twisha Sharma Case: मशहूर एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने पुलिस की मांग पर समर्थ को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है. वहीं मृतका के परिजनों की मांग पर कोर्ट ने आरोपी समर्थ का पासपोर्ट तत्काल जब्त करने के आदेश भी जारी किए हैं. एसआईटी रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से घटना वाली रात के घटनाक्रम, पारिवारिक विवाद, मोबाइल चैट और कॉल डिटेल्स को लेकर कड़ाई से पूछताछ करेगी.
चार्टर्ड विमान से भोपाल आ रही एम्स दिल्ली की टीम
ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम रविवार को भोपाल एम्स में ही कराया जाएगा. इसके लिए दिल्ली एम्स ने चार वरिष्ठ डॉक्टरों की एक विशेष मेडिकल टीम गठित की है. यह टीम आधुनिक फॉरेंसिक उपकरणों के साथ शनिवार शाम राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल के लिए रवाना हो चुकी है. परिजनों ने पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्विशा की हाइट को लेकर विसंगति के आरोप लगाए थे. इस पर पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि हाइट में मामूली अंतर से मुख्य जांच पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा, फिर भी निष्पक्षता के लिए 24 मई को दोबारा पीएम कराया जा रहा है.
बदला हुलिया, बार काउंसिल ने लाइसेंस किया सस्पेंड
शुक्रवार को जबलपुर कोर्ट में सरेंडर की कोशिश के दौरान गिरफ्तार हुए वकील समर्थ सिंह को रात करीब 2 बजे भारी सुरक्षा के बीच भोपाल के कटारा हिल्स थाने लाया गया. गिरफ्तारी से बचने और पहचान छिपाने के लिए हमेशा क्लीन शेव रहने वाले समर्थ ने दाढ़ी बढ़ा ली थी और कैप व मास्क लगाकर अपना हुलिया बदल लिया था. इधर दिल्ली में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने आरोपी समर्थ सिंह का वकालत का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
सामने आया आखिरी वीडियो
जांच के बीच ट्विशा का एक आखिरी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह ससुराल से महज 100 मीटर दूर एक ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराती दिख रही है. वीडियो में वह पूरी तरह रिलैक्स नजर आ रही है. इसके अलावा पुलिस को पता चला है कि ट्विशा ने 12 मई को भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था. वह 15 मई को अपने भाई मेजर हर्षित शर्मा के पास अजमेर जाने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया.
कमिश्नर की दोटूक- मददगार भी नपेंगे, सास को नोटिस
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपी की मां गिरिबाला सिंह को तीन बार नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन वे जांच में शामिल नहीं हुईं. पुलिस ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया है. कमिश्नर ने कहा कि समर्थ की फरारी के दौरान जिन लोगों ने भी उसे पनाह दी या बचाने की कोशिश की, पुलिस उन्हें भी सह आरोपी बनाएगी. मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष चल रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
