Ujjain Khade Hanuman: मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक अद्भुत चमत्कार देखने को मिला है. सिंहस्थ चौड़ीकरण के लिए प्रसिद्ध खड़े हनुमान जी के मंदिर को हटाने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद मंदिर का ढांचा तो तोड़ दिया है, लेकिन भगवान हनुमान की मूर्ति के सामने उनकी शक्ति फेल हो गई. अधिकारियों ने बुलडोजर से लेकर क्रेन तक, सब कुछ इस्तेमाल कर लिया है, लेकिन हनुमान जी हिलने को तैयार नहीं हैं. पिछले चार दिनों से मूर्ति को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन मूर्ति एक इंच भी नहीं हिली है. श्रद्धालु इसे भगवान का चमत्कार कह रहे हैं और मूर्ति को हटाने का विरोध कर रहे हैं.
अब प्रार्थना से मानेंगे हनुमान?
इस मूर्ति को परमार काल से जोड़ने और इसके हजार साल से भी ज्यादा पुराना होने की चर्चा भी हो रही है. कुछ लोगों का यह भी कहना है कि अगर खड़े हनुमान को दूसरी जगह लगाया जाता है, तो उनका मुंह दक्षिण से उत्तर की ओर हो जाएगा. शक्ति का इस्तेमाल कर हार जाने के बाद अब अधिकारी हनुमान जी को भक्ति से मनाने की कोशिश कर रहे हैं. जब मूर्ति की बिजली चली गई, तो मध्य प्रदेश पुलिस के जवान और अधिकारियों ने हनुमान को मनाने के लिए बैंड-बाजे के साथ प्रार्थना की.
जांच के बाद रोका गया काम
अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ 2028 की तैयारी के लिए उज्जैन में सड़क चौड़ी की जा रही है. चौड़ीकरण का काम कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर मार्ग तक होना है और मंदिर का एक हिस्सा इसमें रुकावट डाल रहा है. प्रशासन खड़ी हनुमान मूर्ति को बिना नुकसान पहुंचाए हटाना चाहता है, लेकिन सभी कोशिशे नाकाम हो गई हैं. इसके अलावा, पुरातत्व विभाग की एक टीम ने भी आकर जांच की.
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि भारी मशीनरी या क्रेन से मूर्ति पर ज्यादा जोर डाला गया तो वह टूट सकती है. टीम ने पाया कि मूर्ति का आधार बहुत मजबूत है. इसके बाद प्रशासन ने यह समझने के लिए कि इसे कैसे लगाया गया था, मूर्ति के नीचे लगभग 1.5 फीट खुदाई की है. मौजूदा हालात को देखते हुए, इंजीनियरों ने भारी मशीनरी का इस्तेमाल पूरी तरह से रोक दिया है. मंगलवार को एक बार फिर जांच कराई गई. रिपोर्ट के आधार पर मूर्ति हटाने का काम फिर शुरू किया जाएगा.
वायरल हो रहे वीडियो
खड़े हनुमान जी की मूर्ति के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. मूर्ति को दूसरी जगह लगाने की नगर निगम की नाकाम कोशिशों की खबरें ट्रेंड कर रही हैं. हर जगह लोग इस चमत्कार की बात कर रहे हैं. अब खड़े हनुमान मंदिर का मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया है. वहीं दूसरी ओर भक्त मूर्ति हटाने के विरोध में मंदिर के सामने हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं.
बाल गोपाल को लेकर CM डॉ. मोहन ने तोड़ी मटकी, हाथों से खिलाई माखन-मिश्री, गूंजे कृष्ण भजन, हुआ महारास
