Gurugram Rains: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के बीच मानसून का दौर जारी है. महाराष्ट्र में जहां भारी बारिश से लैंडस्लाइड की खबर आई, वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भी कई जगहों पर लैंडस्लाइड के अलावा सड़कों के टूटने और जान-माल की हानि की खबर सामने आई हैं.
इस बीच दिल्ली एनसीआर और खासकर के गुरुग्राम में भी बारिश से हाल बेहाल है. जी हां, हरियाणा का गुरुग्राम और दिल्ली एनसीआर का यह क्षेत्र साइबर सिटी और कॉर्पोरेट ऑफिसों के लिए जाना जाता है. यहां भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर जलजमाव देखा गया. इसकी वजह से गुरुग्राम में कुछ जगहों पर सड़कें धंस गईं और ट्रैफिक जाम हो गया. इस बीच कई पुलिस ने कंपनियों से अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है. आइए जानते हैं पूरी खबर.

सड़क धंसने से बढ़ी परेशानी
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार दोपहर को मानसून की भारी बारिश के पहले दौर ने गुरुग्राम को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया, क्योंकि शहर भर में सड़कें धंसने, जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम की खबरें आईं. इसकी वजह से अधिकारियों ने एनसीआर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए तेजी के साथ उपाय शुरू किए.
भारी बारिश के कारण दिल्ली-जयपुर राजमार्ग (एनएच-48) पर नरसिंहपुर के पास मुख्य सड़क धंस गई, जिससे दो लेन बंद करनी पड़ीं. इसके चलते हीरो होंडा चौक और खेरकी दौला टोल प्लाजा के बीच कई किलोमीटर लंबा व भीषण ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
वहीं, गुरुग्राम पुलिस ने यातायात संबंधी चेतावनी जारी कर रास्ता परिवर्तन किया. चेतावनी में कहा गया है, “दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए मार्ग परिवर्तन लागू किए गए हैं.”

‘वीवीआईपी सड़क’ भी धंसी
दूसरी ओर, सिविल लाइन रोड पर भूस्खलन (जमीन धंसने) की सूचना मिली, जिससे खड़ी दो गाड़ियों के टायर बुरी तरह फंस गए. सीवर लाइन बिछाने के लिए हाल ही में इस हिस्से की खुदाई की गई थी, और भारी बारिश ने सड़क की हालत और खराब कर दी, जिससे जमीन धंस गई.
मालूम हो कि गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम कुमार का आवास इसी सड़क पर, जमीन धंसने वाली जगह से लगभग 100 मीटर की दूरी पर है. नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया और हरियाणा के मंत्री राव नरबीर के आवास भी इसी सड़क पर स्थित होने के कारण, यह सड़क वीवीआईपी यातायात के लिए कोई अपरिचित स्थान नहीं है. स्थानीय लोगों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर ‘वीवीआईपी सड़क’ की यह हालत है, तो शहर के अन्य हिस्सों की स्थिति का अंदाजा ही लगाया जा सकता है.
भारी बारिश से लगा भीषण जाम
मानसून की पहली बारिश ने एक बार फिर शहर को जलमग्न कर दिया, प्रशासन के ‘जलभराव न होने’ के दावे धराशायी हो गए. राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव के कारण भीषण यातायात जाम लग गया. शहर भर के निवासियों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी साझा की और जलमग्न सड़कों और अव्यवस्थित यातायात को दर्शाने वाले वीडियो क्लिप भी पोस्ट किए.
मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे से भारी बारिश शुरू हुई और शाम 4 बजे तक लगातार जारी रही. लगातार बारिश के कारण अधिकांश प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात की गति धीमी हो गई.

इन जगहों पर लगा ट्रैफिक जाम
स्कूल की छुट्टी के समय बारिश शुरू होने से यातायात व्यवस्था में भारी गड़बड़ी हुई, जिससे स्कूल बसें और छात्र सबसे अधिक प्रभावित हुए. एनएच-48 पर एक स्कूल बस खुले नाले में गिर गई. सौभाग्य से, बस में कोई छात्र सवार नहीं था.
भारी बारिश के बीच जलभराव के कारण लंबे यातायात जाम की चपेट में आने वाले क्षेत्रों में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर स्थित नरसिंहपुर, बसई, हीरो होंडा चौक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, राजीव चौक, वाटिका चौक, इफ्को चौक, उद्योग विहार, सोहना रोड, खंडासा रोड, ओल्ड दिल्ली रोड, पटौदी रोड, मिलेनियम सिटी सेंटर से हीरो होंडा चौक तक जाने वाली सड़क, पटौदी रोड, ओल्ड गुरुग्राम-दिल्ली रोड, खंडासा रोड, बसई रोड, ओल्ड रेलवे स्टेशन और न्यू रेलवे स्टेशन रोड शामिल हैं.

घर से काम करने की सलाह
पुलिस के अनुसार, लगातार भारी बारिश के कारण गुरुग्राम भर में कई अंडरपास और अन्य स्थानों पर जलभराव हो गया. जलभराव वाली सड़कों, गड्ढों और वाहनों के फंसने से यातायात बाधित हुआ और कई स्थानों पर जाम लग गया.
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए, गुरुग्राम पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी कर कॉर्पोरेट कर्मचारियों से घर से काम करने का आग्रह किया है. सलाह के रूप में कहा गया, “हम कॉरपोरेट सेक्टर और निजी संस्थानों से आग्रह करते हैं कि वे अगले कुछ दिनों के लिए अपने कर्मचारियों को घर से काम करने (WFH) की व्यवस्था करने के लिए प्रोत्साहित करें.”
वहीं, पुलिस अधिकारी ने कहा कि जलभराव और अन्य बाधाओं को जल्द से जल्द दूर करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखा जा रहा है.
दिल्ली में 2 दिने के लिए येलो अलर्ट, आज शाम फिर बरसेंगे बादल, 50 kmp की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
News Source: PTI
