Home Latest News & Updates मोतिहारी: पत्नी से नाराज पति ने मोबाइल टावर पर चढ़कर किया हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस की अटकी सांसें

मोतिहारी: पत्नी से नाराज पति ने मोबाइल टावर पर चढ़कर किया हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस की अटकी सांसें

by Live Times
0 comment
Motihari Husband Drama (1)

Motihari Husband Drama: बिहार के मोतिहारी में पत्नी से नाराज एक व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा. पुलिस ने जैसे-तैसे उसे नीचे उतारा.

11 March, 2026

  • मोतिहारी से अमरजीत सिंह की रिपोर्ट

मोतिहारी में पति पत्नी के बीच का आपसी विवाद हाई वोल्टेज ड्रामा में बदल गया. दरअसल, मोतिहारी के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में रहने वाला मोहित पांडे अपनी पत्नी से नाराज था. वह मेला चौक के पास एयरटेल मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से कूदकर अपनी जान देने की धमकी देने लगा, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ वहां इकट्ठा हो गई. ग्रामीणों की सूचना पर पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. करीब ढाई घंटे के बाद शख्स को समझाकर नीचे उतारा गया.

मानसिक रूप से परेशान था मोहित

मोहित पांडे के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई. जानकारी के अनुसार मोहित पांडे काफी समय से अपनी पत्नी से बच्चे की मांग को लेकर नाराज था. पारिवारिक विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था. इसी तनाव में आकर वह अचानक मेला चौक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर की ऊंचाई पर खड़े होकर मोहित बार-बार नीचे कूदने की धमकी देने लगा. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और लोग उसे नीचे उतरने के लिए लगातार समझाने का प्रयास करते रहे. घटना की सूचना मिलते ही पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ के साथ कार्रवाई शुरू की.

ढाई घंटे बाद नीचे उतारा गया

थानाध्यक्ष ने मोहित पांडे से उसके मोबाइल फोन पर बातचीत कर उसे शांत करने और नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा, लेकिन वह टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हो रहा था, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही. करीब ढाई घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार पुलिस की कोशिश रंग लाई. थानाध्यक्ष अजय कुमार और पुलिसकर्मियों ने युवक को भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा. इसके बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया.

पत्नी से विवाद सुलझाने की कोशिश

युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ पहाड़पुर थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने उसकी पत्नी से भी संपर्क कर दोनों के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद की जानकारी ली है. इस पूरे अभियान में थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में दारोगा संतोष जायसवाल, विवेक कुमार, अमन कुमार, भीम पांडेय तथा डायल 112 के जवान शशि कुमार और सत्येंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस टीम की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया.

यह भी पढ़ें- दिल्ली: नरेला में कार के अंदर मिला चचेरे भाइयों का शव; मर्डर, सुसाइड या हादसा? अजीब है मामला

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?