Rajasthan Ambulance Accident: राजस्थान से दिल को दहला देने वाली एक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है. इस हादसे में एम्बुलेंस ड्राइवर, मरीज समेत कुल तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि अन्य दो लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह हादसा आज रविवार को श्री गंगानगर जिले के सूरतगढ़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर हुआ. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही एक निजी एम्बुलेंस की टक्कर सेना की गाड़ी से हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए.
ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में हादसा- सेना
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस हादसे को लेकर सेना के एक बयान में कहा गया है कि एएलएस वाहन एक ऑपरेशनल काफिले का हिस्सा था और सही दिशा में आगे बढ़ रहा था. तभी विपरीत दिशा से आ रही एम्बुलेंस ने तेज गति से एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया. बयान में आगे कहा गया है कि एम्बुलेंस गलत लेन में चली गई, जिससे टक्कर को टालने के लिए बहुत कम समय बचा था.
बयान में कहा गया है, “दुखद रूप से, इस दुर्घटना में तीन नागरिकों की जान चली गई.” इसमें कहा गया है कि सेना के जवानों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए शीघ्रता से अस्पताल पहुंचाया. सेना ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि घटना की जांच जारी रहने के दौरान वह नागरिक प्रशासन को पूरा सहयोग दे रही है.
जयपुर से मरीज को घर ले जा रहे थे रिश्तेदार
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एम्बुलेंस में जयपुर के एक अस्पताल से डिस्चार्ज हुई एक महिला मरीज सवार थी. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना केंचियां कस्बे के पास हुई, जब रिश्तेदार उसे घर ले जा रहे थे. उन्होंने कहा कि टक्कर बहुत ही भीषण था, जिससे एम्बुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. इसकी वजह से कुछ समय के लिए हाईवे आंशिक रूप से बाधित भी रहा.
पुलिस ने मृतकों की पहचान लक्ष्मी देवी (26), एम्बुलेंस चालक सतनाम सिंह (26) और महेंद्र कौर (56) के रूप में की है. घायल हुए दो अन्य व्यक्तियों, रामप्रकाश (32) और राजवीर को सूरतगढ़ के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया. अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
Chamba Accident: पर्यटकों से भरी कार खाई में गिरी, हादसे में 8 लोगों की दर्दनाक मौत
News Source: PTI
