Ajmer News : अजमेर एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. इस घटना में 2 की मौत हो गई और 31 लोग घायल हुए हैं. फिलहाल, पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है.
Ajmer News : राजस्थान के अजमेर जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पुष्कर की पहाड़ियों में आज एक दिल दहला देने वाली घटना हो गई. पीसांगन से पुष्कर की ओर जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर 150 फीट खाई में जा गिरी. इस घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई और 31 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार पता चला है कि प्राइवेट बस में करीब 33 लोग सवार थे. बस जैसे ही पुष्कर घाटी से घुमावदार रास्ते पर पहुंचीं. अचानक ड्राइवर ने बस से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद ढलान और तीखे मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ने से सीधे खाई में गिर गई. इसके बाद वहां पर चीख पुकार मच गई.
स्थानीय लोगों और पुलिस ने किया रेस्क्यू
हादसे की आवाज सुनने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और सूचना मिलने के बाद मौके पर पुष्कर पुलिस भी पहुंच गईं. हालांकि, रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि खाई काफी गहरी थी और लोगों को बचाना भी था. बताया जा रहा है कि पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बस से बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल में इलाज कराने के लिए भेज दिया.
5 यात्रियों की हालत गंभीर
घायलों में 5 यात्रियों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है. साथ ही प्राथमिक इलाज के बाद उन 5 घायलों को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने कहा है कि अगले 24 घंटे घायलों के लिए काफी नाजुक है. हालांकि, डॉक्टर लगातार उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें दूसरे स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में रेफर भी कर रहे हैं.
एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि घटना के वक्त कई यात्री महायज्ञ से आ और जा रहे थे. हादसे के दौरान वाहन रुक गए और बस से उतरकर लोगों ने मदद की. घायलों को घाटी से ऊपर लाया गया और इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भेज दिया गया.
राजस्थान में विपक्ष के नेता जताया दुख
राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सांझीसर, अजमेर में यात्रियों से भरी बस के खाई में गिरने से दो लोगों की मृत्यु एवं 28 लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति, शोक संतप्त परिवारों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.
यह भी पढ़ें- बंगाली लड़की के प्यार में टावर पर चढ़ा युवक, 11 घंटे तक बैठा रहा; फिर पुलिस ने ऐसे उतारा
News Source: PTI
