Patliputra Station Chaos: बिहार की राजधानी पटना में रविवार सुबह बवाल मच गया. पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों ने तोड़फोड़ की और पुलिसवालों पर हमला किया. दरअसल, भारी संख्या में छात्र आज मद्य निषेध विभाग की भर्ती की परीक्षा के लिए जा रहे थे, लेकिन ट्रेन के लेट हो जाने के कराण सभी नाराज हो गए और जमकर हंगामा किया. कुछ छात्र रेलवे ट्रैक पर लेट गए और तोड़फोड़ करने लगे. कई पुलिसवाले घायल हो गए हैं. फिलहाल पुलिस और रेलवे फोर्स स्थिति को कंट्रोल कर लिया है.
आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
मिली जानकारी के मुताबिक आज बिहार में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा होनी है. दो शिफ्ट में हो रही इस परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही रेलवे स्टेशनों पर कैंडिडेट्स की भारी भीड़ जमा हो गई थी. पाटलिपुत्र स्टेशन पर भी बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स ट्रेन का इंतजार कर रहे थे. ट्रेन के लेट होने पर छात्रों का गुस्सा भड़क गया. कुछ छात्र रेलवे ट्रैक पर लेट गए और परीक्षा रद्द करने की मांग करने लगे. छात्रों और पुलिस में झड़प की स्थिति बन गई. छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया, इस हमले में आईजी जितेंद्र राणा घायल हो गए. कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं.
लाठचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े
विरोध तब और बढ़ गया जब कैंडिडेट्स ने स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की, जिसके बाद पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा और चेतावनी के तौर पर हवा में गोली चलानी पड़ी. हंगामे की सूचना मिलने पर आईजी जितेंद्र राणा, एसपी, दानापुर एसडीएम और एएसपी समेत कई थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं. आईजी जितेंद्र राणा ने बताया कि यह हंगामा करीब 2-3 घंटे तक चला. करीब 200-300 छात्र थे. ट्रेन लेट होने पर पहली शिफ्ट को लगा कि वे अब समय पर नहीं पहुंच पाएंगे, इस डर से उन्होंने हंगामा किया. उन्होंने यह भी बताया कि पत्थरबाजी में कुछ पुलिसवाले घायल हुए हैं. आंसू गैस के गोले और गोलियां भी चलाई गईं. छात्रों को हटाने के लिए लाठीचार्ज भी करना पड़ा.
जांच में जुटा प्रशासन
मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही. पुलिस और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के जवानों ने हालात को काबू में करने के लिए जॉइंट ऑपरेशन चलाया. स्टेशन परिसर और आस-पास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. रेलवे प्रशासन प्रभावित ट्रेनों का ऑपरेशन नॉर्मल करने के लिए काम कर रहा है. पूरी घटना की जांच शुरू कर दी गई है और हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.
News Source: PTI
