MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोने लगे. उन्होंने मतदान में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए. इस दौरान आकाश अग्रवाल ने भावुक होते हुए यहां तक कह दिया कि वह लखनऊ की ईदगाह में जाकर इस्लाम कबूल कर लेंगे. उनके इस बयान के बाद चुनावी माहौल में हलचल तेज हो गई है.
खुलेआम बूथ कैप्चरिंग की जा रही
मीडिया से बात करते हुए अग्रवाल ने आरोप लगाया कि प्रशासन और सत्ताधारी दल के इशारे पर खुलेआम बूथ कैप्चरिंग की जा रही है. इसी बीच उन्होंने दावा किया कि खेरागढ़ के बूथ नंबर-20 को प्रत्याशी के भतीजे ने लूट लिया और उन्होंने इसका एक वीडियो कमिश्नर को भी भेज दिया है. इसके अलावा, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बूथ पर पीठासीन अधिकारी जब खाना खाने लगे तो सभी मतदाताओं को बाहर निकालकर कमरा बंद कर दिया. साथ ही बूथ नंबर 40 पर भी बूथ कैप्चर करने का काम किया गया.
अपना धर्म परिवर्तन करवाऊंगा
भावुक होते हुए आकाश ने कहा कि मैं अगले महीने लखनऊ जाकर ईदगाह मस्जिद में धर्म परिवर्तन कर लूंगा. मुझे हार जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता है. मैं आजाद भारत में रह रहा हूं. साथ ही मैं किसी भी पार्टी से चुनाव नहीं लड़ूंगा. उन्होंने आगे कहा कि एक अधिकारी ने मुझसे कहा कि आप एक एमएलसी (प्रत्याशी) ही तो हो, आप खुदा तो हो नहीं. अब मैं उस अधिकारी को कहना चाहता हूं कि मैंने उस खुदा को भी बदल लिया है.
12 जिलों में समर्थकों को उठाया जा रहा
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे 12 जिलों में उनके प्रबंधकों और समर्थकों को जब चाहा तब उठाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस भी अधिकारी की जो इच्छा होती है, अफवाह फैला दी जाती है, आरोप लगा दिए जाते हैं और गाली-गलौज करने के बाद उन्हें उठा लिया जाता है. वाकई में मुझे ऐसा महसूस होने लगा है कि मैं पाकिस्तान से आया हुआ कोई आतंकवादी हूं. उन्होंने आगे कहा कि मुझे चुनाव की हार जीत से कोई लेना देना नहीं है. अगर सरकार पहले ही निर्देश दे देती तो मैं चुनाव ही लड़ता ही नहीं.
बीजेपी के गुंडे वोटर्स को रोक रहे
वहीं, सफाई ग्रेजुएट्स MLC चुनाव में अपना वोट डालने के बाद SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षकों और ग्रेजुएट्स के लिए चुनाव चल रहे हैं. मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे आखिरी समय तक अपना वोट जरूर डालें, क्योंकि आपका एक-एक वोट लोकतंत्र और संविधान को बचा सकता है. आगरा, फतेहपुर, गोरखपुर और जौनपुर जैसे जिलों से ऐसी खबरें आ रही हैं कि जो मतदाता समाजवादी पार्टी (SP) को वोट देना चाहते हैं, उन्हें BJP के गुंडों और भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा परेशान किया जा रहा है या रोका जा रहा है. BJP को ‘वोट चोरी’ के लिए एक यूनिवर्सिटी खोलनी चाहिए और अपने कार्यकर्ताओं को वहां 3 साल का कोर्स करवाना चाहिए.
जनता को राहत देना लोकसेवकों की जिम्मेदारी, योगी बोले- नागरिक संतुष्टि से तय होगी कार्यक्षमता
