Madhya Pradesh Summit: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित मध्य प्रदेश सेमी कंडक्टर समिट-2026 के पहले दिन स्पिंट्रॉनिक्स एआई सेमी कंडक्टर्स के संस्थापक एवं सीईओ रघु वर्मा तथा प्रबंध निदेशक श्रीजीत परुचुरी से चर्चा की. इस दौरान कंपनी ने मध्य प्रदेश में सेमी कंडक्टर डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास (R&D) तथा उन्नत कंपाउंड सेमी कंडक्टर क्षेत्र में निवेश की अपनी योजनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया. कंपनी प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रस्तावित परियोजना के आगामी चरणों में उनकी 2,300 करोड़ रुपये तक के निवेश की योजना है. इससे प्रदेश में लगभग 1,500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की संभावना है.
पहले चरण में करीब 550 करोड़ का निवेश प्रस्तावित
स्पिंट्रॉनिक्स एआई मध्य प्रदेश में सेमी कंडक्टर डिजाइन एवं अनुसंधान विकास केंद्र स्थापित करना चाहती है. कंपनी की योजना के तहत पहले चरण में 450 से 550 करोड़ रुपये के निवेश, जबकि आगामी चरण में 1,800 से 2,300 करोड़ रुपये के निवेश की है. इस प्रकार, प्रस्तावित निवेश के आगामी चरण में 2,300 करोड़ रुपये तक की राशि शामिल है. परियोजना के माध्यम से प्रदेश में सेमी कंडक्टर डिजाइन, उन्नत तकनीकी अनुसंधान और पायलट विनिर्माण की गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है.
इंदौर और उज्जैन में कंपनी की योजना प्रस्तावित
सेमी कंडक्टर डिजाइन एवं GaN (गैलियम नाइट्राइड) से संबंधित गतिविधियों की संभावनाएं शामिल हैं. इसके अतिरिक्त कंपनी को इंदौर के परदेशीपुरा स्थित IT पार्क-4 में लगभग 6,636 वर्ग फीट स्थान के लिए आशय पत्र (LOI) प्रदान किया जा रहा है. यहां सेमी कंडक्टर डिजाइन एवं अनुसंधान-विकास संबंधी गतिविधियां विकसित करने की योजना हैप्रस्तावित
कौशल विकास के बढ़ेंगे अवसर
प्रस्तावित निवेश से मध्य प्रदेश में लगभग 1,500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है. सेमी कंडक्टर डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास और उन्नत कंपाउंड सेमी कंडक्टर तकनीक से जुड़ी गतिविधियां प्रदेश में उच्च तकनीकी क्षेत्र के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. कंपनी ने विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर VLSI (वेरी लार्ज स्केल इंटीग्रेशन) पाठ्यक्रम, प्रयोगशालाओं और इंटर्नशिप कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने में भी रुचि दिखाई है. इससे प्रदेश के युवाओं के लिए सेमी कंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स डिजाइन जैसे उभरते क्षेत्रों में कौशल विकास के अवसर बढ़ सकते हैं.
जनवरी 2027 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा के दौरान मध्य प्रदेश में प्रस्तावित निवेश योजनाओं और सेमी कंडक्टर क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया. मुख्य मंत्री ने कंपनी के प्रतिनिधियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया. राज्य में सेमी कंडक्टर डिजाइन, अनुसंधान विकास और उन्नत विनिर्माण से जुड़ी परियोजनाओं की स्थापना को लेकर यह चर्चा महत्वपूर्ण रही. गौरतलब है कि स्पिंट्रॉनिक्स एआई सेमी कंडक्टर्स हैदराबाद स्थित कंपनी है, जिसके कार्यालय बेंगलुरु और टोरंटो में भी हैं. कंपनी ASIC/SoC, PMIC, हाई-स्पीड इंटरफेस, RF मॉड्यूल, एनालॉग एवं मिक्स्ड-सिग्नल डिजाइन तथा कस्टम आईपी डिजाइन सेवाओं के क्षेत्र में काम करती है.
मुख्यमंत्री ने दिलाया हरसंभव सहयोग का भरोसा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कंपनी के प्रतिनिधियों को प्रदेश में निवेश के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. कंपनी ने प्रस्तावित परियोजना के लिए भूमि एवं राज्य सरकार के प्रोत्साहन, आवश्यक तकनीकी एवं कंप्यूटिंग अधोसंरचना, EDA टूल्स, कुशल प्रतिभा की उपलब्धता और त्वरित अनुमोदन की अपेक्षाएं भी रखीं. विश्वविद्यालयों के साथ तकनीकी पाठ्यक्रम, प्रयोगशालाओं एवं इंटर्नशिप संबंधी सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया.
