Unnao Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में दारोगा समेत 6 लोगों की मौत हो गई. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक डबल डेकर एसी बस के पलट जाने से एक पुलिस उप-निरीक्षक सहित छह लोगों की मौत हो गई और 21 गंभीर रूप से घायल हो गए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा मंगलवार सुबह 5.15 बजे निभा खेड़ा गांव के पास हुआ, जब दिल्ली से बिहार जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई. पुलिस ने कहा कि बस में करीब 50 यात्री सवार थे.
ड्राइवर को आ गई थी झपकी
प्रारंभिक जांच के अनुसार, ड्राइवर को झपकी आने के बाद उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई. टक्कर के बाद वाहन सड़क किनारे रेलिंग पर लटक गया. औरास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ.अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद 28 घायल यात्रियों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से छह को मृत घोषित कर दिया गया. उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल 21 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि एक महिला को छुट्टी दे दी गई.
सीएम योगी ने जताया दुख
पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान पुलिस उप-निरीक्षक रवि चरण राम (50), गोरखपुर के सुरेश कुमार जयसवाल (40), विदेशी गुप्ता (45), बस्ती के विजय कुमार (24) और दो अज्ञात व्यक्तियों के रूप में की गई है. हादसे के तुरंत बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह भी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में जानमाल के नुकसान को दुखद और हृदय विदारक बताया.
घायलों के लिए पर्याप्त इलाज का निर्देश
उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. एक अलग बयान में, मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि आदित्यनाथ ने स्थानीय अधिकारियों को उचित बचाव, राहत उपायों और घायलों के लिए पर्याप्त इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों और उनके परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान करने का भी निर्देश दिया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी उन्नाव दुर्घटना के साथ-साथ बाराबंकी और ललितपुर जिलों में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी मौत पर दुख और घायलों के प्रति चिंता व्यक्त की.
बाराबंकी में दरवाजा तोड़कर घर में घुसे बदमाश, परिवार को बंधक, 1 करोड़ के गहने और 12 लाख नगदी लूटी
News Source: PTI
