UP BSP: यूपी में विधानसभा चुनाव को देखते हुए मायावती ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है. BSP प्रमुख ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को बड़ी जिम्मदारी सौंपी है. बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने बुधवार को पार्टी अध्यक्ष मायावती के छोटे भतीजे ईशान आनंद को नया राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त किया. यह नियुक्ति उनके बड़े भाई आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से हटाए जाने के कुछ दिनों बाद हुई है. इस फैसले की घोषणा पार्टी मुख्यालय में हुई BSP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में की गई. बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं मायावती ने की.
LLM हैं ईशान
ईशान आनंद, जिन्होंने LLM और कानून की पढ़ाई पूरी की है, अपने पिता और BSP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के साथ बैठक में मौजूद थे. आकाश आनंद, जिन्हें पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है, बैठक में नहीं दिखे. नियुक्ति के बाद अपने संबोधन में ईशान ने राष्ट्रीय समन्वयक की बड़ी जिम्मेदारी सौंपने के लिए मायावती का धन्यवाद किया और कहा कि वह इसे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे. उन्होंने बीआर अंबेडकर और BSP के संस्थापक कांशी राम की विरासत का भी जिक्र किया और कहा कि वह मायावती द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलेंगे. ईशान ने कहा कि बहनजी ने मुझे बहुजन समाज पार्टी में राष्ट्रीय समन्वयक की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे मैं पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने की पूरी कोशिश करूंगा.
पार्टी को बढ़ाएंगे आगे
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वह पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे और उन्हें निराश नहीं करेंगे. ईशान की नियुक्ति BSP में मायावती के परिवार से जुड़े कई बदलावों के बीच हुई है. 3 सितंबर को मायावती ने आकाश आनंद को मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक के पद से हटा दिया था. उन्होंने कहा था कि आकाश को और परिपक्व होने की ज़रूरत है और इस स्तर पर उन्हें बड़ी ज़िम्मेदारियां सौंपना सही नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा था कि आकाश अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ से प्रभावित हो रहे थे.
आकाश को पार्टी से पूरी तरह किया मुक्त
अशोक सिद्धार्थ BSP के पूर्व राज्यसभा सांसद थे, जिन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में मायावती ने पार्टी से निकाल दिया था. उन्होंने कहा कि आकाश को पार्टी से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है. ईशान और आकाश, मायावती के छोटे भाई और BSP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के बेटे हैं, जबकि उनकी बहन दीपिका आनंद हैं. मायावती ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि आकाश और ईशान में से किसी को भी पार्टी में कोई पद नहीं दिया जाएगा, लेकिन बाद में उन्होंने घोषणा की कि ईशान को एक सम्मानजनक भूमिका दी जाएगी, जबकि आकाश और दीपिका पार्टी की ज़िम्मेदारियों से दूर रहेंगे.
BSP में फुल ड्रामा, ससुर के संन्यास के बाद भी नहीं पिघली मायावती, आकाश आनंद को पार्टी से किया बेदखल
News Source: PTI
